दिखा चांद, आज मनेगी ईद, घर पर ही लोग अदा करेंगे नमाज

पूर्णिया। चांद दिखते ही आज ईद मनाने का एलान कर दिया गया है। जिले में शुक्रवार को हर्ष और

By JagranEdited By: Publish:Thu, 13 May 2021 08:05 PM (IST) Updated:Thu, 13 May 2021 08:05 PM (IST)
दिखा चांद, आज मनेगी ईद, घर पर ही लोग अदा करेंगे नमाज
दिखा चांद, आज मनेगी ईद, घर पर ही लोग अदा करेंगे नमाज

पूर्णिया। चांद दिखते ही आज ईद मनाने का एलान कर दिया गया है। जिले में शुक्रवार को हर्ष और उल्लास पूर्ण वातावरण में ईद मनाया जाएगा।

हालांकि बढ़ रहे कोरोना संक्रमण के मद्देनजर इस बार भी ईद की मिठास फीकी ही रहेगी। इस साल भी न तो ईदगाह में नमाज अदा होगी और न ही मस्जिदों में जमावड़ा होगा। मस्जिदों और ईदगाहों में शारीरिक दूरी और सरकारी गाइडलाइन का पालन करते हुए नमाज अदा करने का आह्वान किया गया है। धर्मगुरुओं ने हाथ मिलाने और गले मिलने से बचने की अपील की है। जिले के अंजुमन इस्लामिया के सचिव महफुज उल रहमान ने मुस्लिमों को नसीहत देते हुए कहा है कि सादगी से त्योहार मनाएं। उन्होंने मस्जिदों आदि की जगह अपने-अपने घरों में ही नमाज अदा कर त्योहार मनाने की अपील की है।

कोरोना के साये में इस बार ईद कुछ अलग अंदाज में मनेगी। न ईदगाहों पर मेला लगेगा न मस्जिदों में नमाज के लिए भीड़ उमड़ पाएगी। जिला प्रशासन ने इसको लेकर गाइडलाइन जारी की है। बता दें कि ईद -उल-फित्र का त्योहार मुस्लिम समुदाय का सबसे बड़ा एवं खुशियों का त्योहार है। तीस दिन का रोजा के बाद ईद का पर्व आता है। ईद के मौके पर नए-नए कपड़े पहनते हैं तथा घर में लजीज व्यंजन बनता है जो बच्चों के उत्सास को दोगुना करता है। लेकिन लॉकडाउन एवं कोरोना संक्रमण के डर के साये में ईद की खुशी के इजहार के तौर-तरीके बदले-बदले से होंगे। हर साल ईद के मौके पर परवान चढ़ने वाले कई रिवाज इस बार के त्योहार का हिस्सा नहीं होंगे। खुशियां तो होंगी लेकिन गले मिलकर उन्हें बांट नहीं सकेंगे। चांद रात भी होगी, लेकिन बाजारों में रौनक नहीं होगी। ईदगाह तो अपनी जगह होंगे, लेकिन वहां ईद की नमाज नहीं होगी। गलियां सुनी ही रहेगी तथा उतना चहल-पहल नहीं होगा जितना अमूमन हर ईद में होता था।

हालांकि ईद को लेकर एक दिन पूर्व तक बाजार में लोगों ने खरीदारी की। गाइडलाइंस के अनुसार बाजार दिन में सुबह 8 बजे से 11 बजे तक ही खुले रहते हैं। बावजूद इस दौरान लोगों ने जमकर खरीदारी की। इस दौराना सेवई, कपड़े, फल आदि की दुकानों पर लोग नजर आए लेकिन पहले की तरह चहल-पहल अधिक नहीं थी। गुरुवार को भट्ठा बाजार, लाइन बाजार, मधुबनी आदि बाजारों में खरीदारी के लिए लोग पहंचे। वहीं सेवई के दाम आसमान पर रहे। यहां बनारस, पटना, कोलकाता आदि से इस बार सेवई बिकने के लिए लाए गए थे। गुरुवार को सेवई 150 से 800 रुपये प्रति किलो तक बिके। अधिक दाम वाली सेवई शुद्ध घी के बने थे। लोगों ने ईदी की पूरी तैयारी कर ली है। शुक्रवार को हर्ष और उल्लास के साथ ईद मनाया जाएगा।

chat bot
आपका साथी