रिंटू सिंह हत्याकांड में एक मुख्य आरोपित ने कोर्ट में किया आत्मसमर्पण

जागरण संवाददाता पूर्णिया पूर्व जिला परिषद सदस्य विश्वजीत सिंह उर्फ रिटू सिंह हत्याकांड में फ

By JagranEdited By: Publish:Thu, 09 Dec 2021 07:16 PM (IST) Updated:Thu, 09 Dec 2021 07:16 PM (IST)
रिंटू सिंह हत्याकांड में एक मुख्य आरोपित ने कोर्ट में किया आत्मसमर्पण
रिंटू सिंह हत्याकांड में एक मुख्य आरोपित ने कोर्ट में किया आत्मसमर्पण

जागरण संवाददाता, पूर्णिया : पूर्व जिला परिषद सदस्य विश्वजीत सिंह उर्फ रिटू सिंह हत्याकांड में फरार चल रहे दो नामजदों में एक सुदीप सिंह ने पुलिस दबिश के कारण गुरुवार को सीजीएम के न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। बाद में सुदीप सिंह को जेल भेज दिया गया। इसकी पुष्टि प्रशिक्षु डीएसपी आनंद कुमार गुप्ता ने की। उन्होंने बताया कि जल्द ही सुदीप सिंह को रिमांड पर लेकर पुलिस पूछताछ करेगी। सुदीप सिंह का आत्मसमर्पण पुलिस के लिए भी राहत भरी खबर रही और पूछताछ के बाद इस हत्याकांड की पूरी गुत्थी भी सुलझ जाने की उम्मीद है।

बता दें कि गत 12 नवंबर को विश्वजीत सिंह उर्फ रिटू सिंह की हत्या अपराधियों ने सरसी थाना क्षेत्र के सरसी बाजार में गोली मार कर दी गई थी। इस मामले में पूर्व जिला पार्षद की पत्नी सह वर्तमान जिला परिषद सदस्य अनुलिका सिंह द्वारा प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। इसमें आशीष सिंह उर्फ अटिया व सुदीप सिंह को नामजद किया गया था, जबकि दो अज्ञात के भी घटना में संलिप्त होने की बात कही थी। इस पूरे मामले की जांच व आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए एसपी दयाशंकर द्वारा दो विशेष टीम गठित की गई थी। एक टीम की अगुवाई एसडीपीओ बायसी तो दूसरी टीम की अगुवाई प्रशिक्षु डीएसपी आनंद कुमार गुप्ता कर रहे हैं। बता दें कि इस मामले में पुलिस ने दो लाइनर को पूर्व में ही गिरफ्तार कर लिया था। बाद में एक अन्य आरोपित मंजीत सिंह ने सरसी थाना में आत्मसमर्पण कर दिया था। मंजीत सिंह पर यह आरोप था कि वह पूर्व जिला पार्षद को बात में उलझाए रखा था और इसी दौरान अपराधियों ने उसकी हत्या कर दी थी। इधर दो फरार नामजदों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस की अपनी कार्रवाई लगातार जारी थी। पुलिस ने पहले दोनों के घर इश्तेहार चस्पा किया था फिर दोनों के घर की कुर्की जब्ती भी की गई थी। इधर पुलिस ने दोनों के खिलाफ इनाम घोषणा को लेकर अपनी कार्रवाई शुरु कर दी थी। इसी बीच गुरुवार को एक नामजद सुदीप सिंह ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया। प्रशिक्षु डीएसपी ने बताया कि अब एक अन्य फरार आरोपित आशीष सिंह उर्फ अटिया की गिरफ्तारी को लेकर भी पुलिस की अपनी कार्रवाई जारी है। जल्द ही पुलिस उसे भी दबोच लेगी।

chat bot
आपका साथी