पनपने लगा आक्रोश तो दौड़ने लगा नगर निगम

पूर्णिया। शहर में जलजमाव से पनप रहे आक्रोश ने आखिरकार निगम प्रशासन को उसकी जिम्मेदारी

By JagranEdited By: Publish:Sat, 19 Sep 2020 07:47 PM (IST) Updated:Sat, 19 Sep 2020 07:47 PM (IST)
पनपने लगा आक्रोश तो दौड़ने लगा नगर निगम
पनपने लगा आक्रोश तो दौड़ने लगा नगर निगम

पूर्णिया। शहर में जलजमाव से पनप रहे आक्रोश ने आखिरकार निगम प्रशासन को उसकी जिम्मेदारी का अहसास कराया और वह दौड़ने लगा। शनिवार को महापौर सविता देवी ने आनन फानन में आपात बैठक बुला ली। नगर निगम सभागार में हुई इस बैठक में तत्काल जलजमाव क्षेत्रों की सूची तैयार की गई और जमीन पर काम करने के लिए टीम निकल पड़ी।

=======

युद्धस्तर पर शुरू हुआ काम

इन जगहों पर तत्काल कच्चा नाला बनाकर, सड़क वाले इलाके में पाइप लगाकर जलनिकासी का कार्य युद्ध स्तर पर शुरू कराया। महापौर स्वयं सभी क्षेत्र में घूम-घूमकर लोगों की परेशानी देख रही हैं और स्वयं मौजूद रहकर जलनिकासी के कार्य करा रही हैं। पावरग्रिड के पास बंद बड़े कलवर्ट को खोलकर वार्ड नंबर 24 में फंसे पानी को लालगंज नाला में बहाया गया। बायपास हीरो शोरूम के पास जलनिकासी का रास्ता बनाया गया। मधुबनी चौक से माता चौक जाने वाली बिना नाली के बने सड़क पर जमा पानी के निकासी की व्यवस्था की गई। हाउसिग कॉलोनी इलाके में जमा पानी को कच्चा नाला बनाकर बहाया गया। इस दौरान वार्ड नंबर 10, 24, 25, 26, 06, 14, 12 एवं 16 व 17 नंबर वार्ड से जलनिकासी कराया गया। अन्य क्षेत्रों में भी काम जारी है।

=======

ऊपर बैठक, नीचे नारेबाजी

नगर निगम के ऊपर सभागार में जलनिकासी के लिए बैठक चल रही थी और नीचे महापौर कार्यालय के बाहर जलजमाव से परेशान लोग धरना दे रहे थे। वे जलनिकासी की मांग कर रहे थे और नगर निगम प्रशासन की असफलता के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे। वार्ड संख्या 24 सहित अन्य वार्ड से पहुंचे दर्जनों लोग बैठक समाप्त होने तक धरना पर रहे। वे जलनिकासी के लिए तत्काल काम शुरू कराने के महापौर के आश्वासन पर लोग वापस हुए।

=======

शहरी क्षेत्र से जलनिकासी के लिए काफी तेज गति से कार्य किया जा रहा है। जिस क्षेत्र में जलजमाव से परेशानी की सूचना मिल रही है वहां वैकल्पिक व्यवस्था के तौर पर कच्चा नाला व पाइप लगाकर जलनिकासी किया जा रहा है। यह कार्य अभी निरंतर जारी रहेगा।

सविता देवी, महापौर

chat bot
आपका साथी