पूर्णिया की 230 पंचायतों में खुले पुस्तकालय, बनाई जाएगी डक्यूमेंट्री फिल्म

जिले में सभी 230 पंचायतों में पुस्तकालय खुल गया है। इसके अलावा नगर क्षेत्र में भी सात पुस्तकालय खोले गए हैं। जिले में इस महती उपलब्धि के लिए शिक्षा विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारी बधाई के पात्र हैं।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 20 Sep 2021 06:22 PM (IST) Updated:Mon, 20 Sep 2021 06:37 PM (IST)
पूर्णिया की 230 पंचायतों में खुले पुस्तकालय, बनाई जाएगी डक्यूमेंट्री फिल्म
पूर्णिया की 230 पंचायतों में खुले पुस्तकालय, बनाई जाएगी डक्यूमेंट्री फिल्म

पूर्णिया। जिले में सभी 230 पंचायतों में पुस्तकालय खुल गया है। इसके अलावा नगर क्षेत्र में भी सात पुस्तकालय खोले गए हैं। जिले में इस महती उपलब्धि के लिए शिक्षा विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारी बधाई के पात्र हैं। उक्त बातें जिलाधिकारी राहुल कुमार ने सोमवार को समाहरणालय सभागार में आयोजित शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक में कही। जिलाधिकारी ने कहा कि सभी पंचायतों में पुस्तकालय खोलने के लिए आगामी दो अक्टूबर को सम्मान समारोह मनाया जाएगा। साथ ही इस पर डक्यूमेंट्री फिल्म भी बनाई जाएगी।

पुस्तकालय को शिक्षा के क्षेत्र में महत्वपूर्ण कड़ी बताते हुए डीएम राहुल कुमार ने कहा कि धमदाहा प्रखंड की दो पंचायतों में पुस्तकालय खुलने के साथ जिले की सभी 230 पंचायतों में यह अभियान पूरा हो गया है। सात पुस्तकालय नगर निगम क्षेत्र में खुल गए हैं और इस प्रकार कुल 237 पुस्तकालय खोले जा चुके हैं। पुस्तकालय सुचारू रूप से चले इसका ध्यान रखने का निर्देश उन्होंने दिया है। डीएम ने जानकारी दी कि पूर्णिया के पुस्तकालय पीरामल फाउंडेशन से जुड़ गए हैं। फाउंडेशन से जुड़ने से अब और अधिक तेजी से पुस्तकालय की प्रगति होगी। इस मौके पर पीरामल फाउंडेशन के सदस्य भी उपस्थित थे। डीएम ने कहा कि सभी पुस्तकालयों का फोटो एवं स्थान का नाम सहित एक स्थान पर चित्रित किया जाएगा और इस पर एक डक्यूमेंट्री फिल्म भी बनाई जाएगी।

समीक्षा बैठक में डीएम ने पंचायत चुनाव को लेकर भी अधिकारियों को अलर्ट किया। कहा कि जिले में दूसरे चरण से पंचायत चुनाव शुरू हो रहा है। वहां 29 सितम्बर को मतदान होना है, इसके लिए मतदान केंद्रों पर सारी तैयारी पूरी कर लें। कहा कि सभी मतदान केन्द्रों पर साफ-सफाई, विद्युत, पानी, शौचालय एवं रैम्प की व्यवस्था होनी चाहिए। उन्होने कहा कि पहली बार पंचायत चुनाव ईवीएम से कराए जा रहे हैं, इसलिए सतर्कता से इसे संपन्न कराएं। डीएम ने पोषण पखवाड़ा को लेकर भी अधिकारियों को निर्देश दिया। कहा कि

17 से 30 सितम्बर तक पोषण अभियान चलाया जा रहा है जिसमें हर आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों को खाने में पोषण आहार दिया जाना है। इस बीच लोगों को पोषण के प्रति जागरूक भी करना है।

अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी ने बताया कि जिले से 12वीं एवं मौलवी के प्रथम श्रेणी से पास छात्राओं को अंक पत्र के साथ आवेदन अल्पसंख्यक कल्याण के कार्यालय में जमा करने का निर्देश प्रधानाचार्यों को दिया गया है। प्रथम श्रेणी से पास छात्राओं के खाते में 15 हजार रुपये भेजे जाएंगे। डीएम ने कोविड महामारी के दौरान बंद विद्यालय के लंबे समय बाद खोले जाने पर पठन-पाठन का कार्य सुचारू रूप से चलाने का निर्देश दिया। बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण पदाधिकारी, सभी डीपीओ (शिक्षा विभाग), सभी प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

chat bot
आपका साथी