स्वस्थ भारत यात्रा टीम के साथ निकली जागरूकता रैली

पूर्णिया: महात्मा गांधी की 150 वीं जयंती पर पूर्णिया पहुंची स्वस्थ भारत यात्रा टीम के सदस्यों के

By JagranEdited By: Publish:Tue, 11 Dec 2018 10:08 PM (IST) Updated:Tue, 11 Dec 2018 10:08 PM (IST)
स्वस्थ भारत यात्रा टीम के साथ निकली जागरूकता रैली
स्वस्थ भारत यात्रा टीम के साथ निकली जागरूकता रैली

पूर्णिया: महात्मा गांधी की 150 वीं जयंती पर पूर्णिया पहुंची स्वस्थ भारत यात्रा टीम के सदस्यों के साथ एनसीसी, स्काउट एंड गाईड, स्कूली बच्चे एवं अधिकारियों ने मंगलवार को प्रात: जागरूकता रैली निकाली। रैली में शामिल बच्चों ने लोगों को नशापान से दूर रहने तथा स्वास्थ्य के प्रति सचेत रहने का संदेश दिया। रैली को जिला स्कूल परिसर से उप विकास आयुक्त राम शंकर ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

रैली को संबोधित करते हुए डीडीसी ने कहा कि महात्मा गांधी की 150 वीं जयंती समारोह हमलोग मना रहे हैं। इस अवसर पर हमें नशापान से दूर रहने का संकल्प लेना होगा। उन्होंने बाल विवाह, दहेज प्रथा का भी विरोध करने का आह्वान किया तथा सरकार की योजनाओं से लाभ उठाने की अपील की। जिला स्कूल से निकली रैली में पूर्णिया कॉलेज, बीबीएम उच्च विद्यालय एवं जिला स्कूल के एनसीसी कैडेट तथा भारत स्काउट-गाईड के बच्चे कलर फ्लैग एवं बैंड के साथ शामिल थे। स्काउट-गाईड के बैंड की धुन पर रैली आगे बढ़ रही थी। रैली जिला स्कूल से निकलकर खीरू चौक होकर आरएन साव चौक, आस्था मंदिर, जिला स्कूल रोड होकर पुन: जिला स्कूल मैदान पहुंची। रैली में बच्चे नशापान से दूर रहने की अपील लोगों से कर रहे थे। रैली के समापन पर जिला स्कूल परिसर में स्लाइड के माध्यम से बापू की सादगी पूर्ण जीवनी से लोगों को अवगत कराया गया। मौके पर बापू का प्यारा भजन भी सुनाया गया। स्वस्थ और स्वच्छ भारत के बारे में भी जानकारी दी गई।

ज्ञात हो कि स्वस्थ भारत यात्रा की टीम गत 16 अक्टूबर को अगरतला से चल कर सोमवार को पूर्णिया पहुंची है। टीम भारत भ्रमण कर 27 जनवरी 2019 को दिल्ली पहुंचेगी। पूर्णिया में टीम का भव्य स्वागत डीडीसी के नेतृत्व में किया गया। मौके पर एनसीसी कैडेट को स्वस्थ भारत यात्रा का प्रतीक चिन्ह भेंट किया गया। इस अवसर पर कला भवन में महात्मा गाधी पर बनी डॉक्युमेंट्री फिल्म भी दिखाई गई। स्वस्थ भारत यात्रा की टीम के सदस्य बुधवार को भागलपुर के लिए प्रस्थान करेंगे। टीम के सदस्यों के साथ एनसीसी का दल भी नौगछिया तक जाएगा। इस मौके पर कई अन्य कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।

इस अवसर पर एनसीसी 35 वीं बटालियन के कमांडेंट, सिविल सर्जन, जिला शिक्षा पदाधिकारी, वरीय उप समाहर्ता, सामान्य शाखा प्रभारी एवं अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

chat bot
आपका साथी