पुलिस छावनी में तब्दील रहा पूर्णिया का मधुबनी बाजार परिक्षेत्र

गुडडू मियां की हत्या को लेकर दूसरे दिन शुक्रवार को भी पुलिस पूरी तरह सतर्क रही। पूरा मधुबनी बाजार परिक्षेत्र पुलिस छावनी में तब्दील रहा।

By JagranEdited By: Publish:Fri, 30 Jul 2021 11:11 PM (IST) Updated:Fri, 30 Jul 2021 11:11 PM (IST)
पुलिस छावनी में तब्दील रहा पूर्णिया का मधुबनी बाजार परिक्षेत्र
पुलिस छावनी में तब्दील रहा पूर्णिया का मधुबनी बाजार परिक्षेत्र

पूर्णिया। गुडडू मियां की हत्या को लेकर दूसरे दिन शुक्रवार को भी पुलिस पूरी तरह सतर्क रही। पूरा मधुबनी बाजार परिक्षेत्र पुलिस छावनी में तब्दील रहा। खासकर गुडडू मियां के घर के समीप व आसपास के मोहल्ले में काफी संख्या में पुलिस बल की तैनाती रही। एसडीपीओ आनंद पांडेय की अगुवाई में मधुबनी टीओपी, खजांची हाट, सहायक खजांची हाट, मरंगा सहित कई थानों की पुलिस भी काफी देर तक वहां डटी रही। बाद में पुलिस अधिकारियों ने उसके स्वजनों से मिलकर घटना को लेकर कई आवश्यक जानकारियां भी ली और जल्द से जल्द हत्यारों की गिरफ्तारी के प्रति आश्वस्त किया। इधर घटना के बाद गुडडू मियां के घर उसके शुभेच्छुओं की भी भीड़ अल सुबह से ही जुटी रही। स्वजनों के कारुणिक क्रंदन से घर का माहौल गमगीन रहा। बता दें कि महज चार साल पूर्व ही उसकी शादी हुई थी। उसे एक दो साल का पुत्र व एक आठ की बच्ची है।

एक लाख की जनसंख्या पर महज 30 पुलिस बल

जिले की अनुमानित जनसंख्या 40 लाख के करीब है, जबकि यहां महज 1200 पुलिस बल ही तैनात हैं। इस हिसाब से देखा जाए तो एक लाख की आबादी की सुरक्षा का जिम्मा महज 30 पुलिस बलों के हाथों में है। यहां यह जानना जरूरी है कि संयुक्त राष्ट्र संघ के मानक के अनुसार एक लाख की जनसंख्या पर 222 पुलिस बल होने चाहिए। भारत में ही एक लाख की जनसंख्या पर औसतन 122 पुलिस बल तैनात हैं। इस लिहाज से देखा जाए तो पूर्णिया जिला काफी पिछड़ा हुआ है। यहां पर बढ़ते अपराध का सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है।

chat bot
आपका साथी