हाईस्कूलों के लिए 200 कंप्यूटर, एक सौ का हुआ वितरण

पूर्णिया। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने जिले के 200 हाईस्कूलों के लिए कंप्यूटर सेट उपलब्ध क

By JagranEdited By: Publish:Thu, 13 May 2021 08:26 PM (IST) Updated:Thu, 13 May 2021 08:26 PM (IST)
हाईस्कूलों के लिए 200 कंप्यूटर, एक सौ का हुआ वितरण
हाईस्कूलों के लिए 200 कंप्यूटर, एक सौ का हुआ वितरण

पूर्णिया। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति ने जिले के 200 हाईस्कूलों के लिए कंप्यूटर सेट उपलब्ध कराया है। इनमें से लगभग 100 कंप्यूटर सेट हाईस्कूलों को उपलब्ध करा दिए गए हैं। बांकी का वितरण कार्य लाकडाउन के कारण रुका हुआ है। लाकडाउन की पाबंदियां हटने के बाद इसका भी वितरण कर दिया जाएगा। कंप्यूटर सेट में डेल कंपनी के मॉनीटर के साथ प्रिटर, यूपीएस, की-बोर्ड, माउस आदि सामान दिया गया है। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति के पूर्णिया स्थित क्षेत्रीय कार्यालय के द्वारा इसका वितरण सुनिश्चित किया गया है।

पूर्णिया पूर्व, बनमनखी, जलालगढ़, बैसा, अमौर, डगरूआ, बायसी आदि प्रखंडों में फिलहाल यह कंप्यूटर सेट विद्यालयों को दिया गया है। राजा पृथ्वी चंद उच्च विद्यालय पूर्णिया सिटी के प्रधानाध्यापक अशोक प्रसाद यादव ने बताया कि बिहार बोर्ड की आरे से विद्यालय को एक कंप्यूटर सेट दिया गया है। जिसका उपयोग विद्यालय कार्य के लिए होगा।

जिले के 14 प्रखंड, दो नगर पंचायत एवं एक नगर निगम को मिलाकर 250 से अधिक हाईस्कूल हैं। इनमें से फिलहाल 200 विद्यालयों के लिए कंप्यूटर सेट उपलब्ध कराया गया है। विद्यालयों को कंप्यूटर की सुविधा मिल जाने से अब उसे कंप्यूटर संबंधी कार्यों के लिए किसी का मोहताज नहीं होना पड़ेगा और न ही इस कार्य के लिए बाजार में पैसे खर्च करने होंगे। हां, इंटरनेट की सुविधा उन्हें जरूर विद्यालय स्तर से लेनी होगी। विद्यालय को कंप्यूटर की सुविधा मिल जाने से ऑनलाइन कार्यों का संचालन समेत रजिस्ट्रेशन, परीक्षा फॉर्म समेत अन्य कार्य विद्यालय से ही कर सकेंगे। नौवीं का रजिस्ट्रेशन समेत मैट्रिक एवं इंटर परीक्षा के लिए बिहार बोर्ड से होने वाला पत्राचार भी मेल के माध्यम से हो सकेगा। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति परीक्षा समेत अन्य किसी भी तरह की सूचनाओं का आदान-प्रदान अब सीधा विद्यालय के साथ कर सकेगा। अब तक बिहार बोर्ड डीईओ कार्यालय के माध्यम से विद्यालयों से संवाद स्थापित करता था। अब बोर्ड कार्यालय की बहुत सारे मामले में डीईओ कार्यालय पर निर्भरता कम हो जाएगी। विद्यालय भी विद्यार्थी का रजिस्ट्रेशन से लेकर परीक्षा फॉर्म भरने समेत अन्य कार्यों का सुगमता पूर्वक संचालन कर सकेगा।

chat bot
आपका साथी