दिल्‍ली में जीरो एफआइआर, नालंदा में आरोपित गिरफ्तार, अपने साथ हुई घटना से लड़की भी थी अंजान

नालंदा की एक किशोरी को प्रेमजाल में फांसकर पड़ोसी युवक ने उसका यौन शोषण किया। इसकी भनक मिलने पर स्‍वजनों ने किशोरी को दिल्‍ली भेज दिया। वहां वह रिश्‍तेदार के घर से भाग गई। इसके बाद पुलिस ने पकड़ा तब उसके साथ हुई ज्‍यादती का पता चला।

By Vyas ChandraEdited By: Publish:Wed, 22 Sep 2021 06:32 PM (IST) Updated:Wed, 22 Sep 2021 06:32 PM (IST)
दिल्‍ली में जीरो एफआइआर, नालंदा में आरोपित गिरफ्तार, अपने साथ हुई घटना से लड़की भी थी अंजान
नालंदा की किशोरी से दुष्‍कर्म का आरोपित गिरफ्तार। सांकेतिक तस्‍वीर

बिहारशरीफ, जागरण संवाददाता। हरनौत थाना क्षेत्र के एक गांव की नाबालिग लड़की को प्रेम-प्रसंग में फांसकर उसके साथ दुष्‍कर्म करने और फिर गर्भवती करने के आरोपित को महिला थाने की पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित हरनौत थाना क्षेत्र निवासी कुंदन कुमार है। इस बाबत दिल्‍ली के एक थाने में जीरो एफआइआर दर्ज की गई थी। वहां से केस दर्ज कर मामले को नालंदा भेजा गया। इसके बाद महिला थाने की पुलिस ने कार्रवाई की। गौर करने की बात यह है कि पीड़‍िता स्‍वयं इस बात से अंजान थी कि वह गर्भवती है। दिल्‍ली में हुई जांच में इसका पता चला। 

पड़ोसी ने प्रेम जाल में फांसकर किया यौन शोषण  

पीड़ि‍ता के स्‍वजन के बयान पर दर्ज एफआइआर में कहा गया है कि आरोपित उनका पड़ोसी था। उनके घर आता-जाता था। इसी क्रम में उनके धर की नाबालिग बच्‍ची को उसने अपने प्रेम जाल में फांस लिया। बहला-फुसलाकर उससे जबरन शारीरिक संबंध बनाए। घर के लोग इस बात से अंजान था। लेकिन जब कुछ भनक लगी तो किशोरी को यहां से दिल्‍ली भेज दिया गया। वहां एक रिश्‍तेदार के घर वह रहने लगी। लेकिन वहां से कुछ दिनों बाद ही वह भाग गई। रिश्‍तेदार के घर से निकलकर वह नई दिल्‍ली रेलवे स्‍टेशन पहुंच गई। 

जांच में पता चला कि गर्भवती है किशोरी  

नई दिल्‍ली स्‍टेशन पर वह इधर-उधर भटक रही थी। इसी दौरान पुलिस की नजर उसपर पड़ी। शंका होने पर उससे पूछताछ की गई। इसके बाद उसके स्‍वजन को बुलाया गया। उसकी मेडिकल जांच कराई गई। इसके बाद सारा मामला सामने आया। किशोरी गर्भवती थी। रिपोर्ट देखकर पुलिस हैरान रह गई। स्‍वजन भी सदमे में आ गए। इसके बाद वहां किशोरी के बयान पर जीरो एफआइआर दर्ज कर नालंदा पुलिस को आगे की कार्रवाई के लिए भेजा गया। यहां मामला आने पर महिला थाने की पुलिस ने आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। 

chat bot
आपका साथी