मां की मौत का सदमा बर्दाश्‍त नहीं कर पा रहा था वैशाली का युवक, गंडक की धारा में लगाई छलांग

मां की मौत का सदमा युवक बर्दाश्त नहीं कर सका। बुधवार को उसने आत्महत्या की नियत से नए गंडक पुल पर से गंडक नदी में छलांग लगा दी। घटना की जानकारी लोगों को तब मिली जब उसके कपड़े मोबाइल आदि पुल पर मिले।

By Vyas ChandraEdited By: Publish:Thu, 04 Nov 2021 09:01 AM (IST) Updated:Thu, 04 Nov 2021 09:01 AM (IST)
मां की मौत का सदमा बर्दाश्‍त नहीं कर पा रहा था वैशाली का युवक, गंडक की धारा में लगाई छलांग
मां की मौत से विचलित युवक ने गंडक में लगाई छलांग। सांकेतिक तस्‍वीर

हाजीपुर, जागरण संवाददाता। मां की मौत का सदमा युवक बर्दाश्त नहीं कर सका। बुधवार को उसने आत्महत्या की नियत से नए गंडक पुल पर से गंडक नदी में छलांग लगा दी। घटना की जानकारी लोगों को तब मिली जब उसके कपड़े, मोबाइल आदि पुल पर मिले। घटना की सूचना के बाद हाजीपुर नगर थाना की पुलिस मौके पर पहुंच गई। घटना की जानकारी स्वजनों को दी। सूचना पर स्वजन भी नदी घाट पर पहुंच गए। युवक की खोज के लिए एसडीआरएफ की टीम नदी में सर्च अभियान चला रही है। देर शाम तक उसका पता नही चल सका था। गुरुवार को पुन: नदी में सर्च अभियान चलाया जाएगा।

29 अक्‍टूबर को हो गया था मां का निधन 

घटना के संबंध में बताया गया है कि सदर थाना क्षेत्र के अस्तीपुर लालचक गांव निवासी राजेंद्र राम का पुत्र नंद कुमार राम टाइल्स मिस्त्री का काम करता है। उसकी मां का निधन 29 अक्टूबर को हो गया था। अपनी मां के निधन के बाद से वह काफी विचलित रह रहा था। इसी दौरान बुधवार को वह अपने घर से निकलकर हाजीपुर-सोनपुर नए गंडक पुल पर पहुंच गया और पुल पर अपना पैंट, शर्ट, गमछा तथा मोबाइल रख कर गंडक नदी की उफनती धारा में कूद गया। युवक को नदी में कूदते देख उस राह गुजर रहे लोगों ने घटना की जानकारी नगर थाना की पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन की। कूदने वाले युवक की शिनाख्‍त होते ही इस घटना की जानकारी उसके स्वजनों को दी।

सूचना पाकर एसडीआरएफ की टीम भी मौके पर पहुंच गई तथा सर्च अभियान शुरू कर दिया। बुधवार की देर शाम तक उसका कोई पता नही चल सका था। अंधेरा हो जाने की वजह से सर्च अभियान रोक दिया गया है। गुरुवार की सुबह पुन: सर्च अभियान चलाया जाएगा। घटना के बाद से घर में कोहराम मचा हुआ है।

chat bot
आपका साथी