बिहारः सारण में प्रेम-प्रसंग में युवक की हत्या, घर पहुंची लड़की बोली- मैंने इससे की थी शादी

सारण में प्रेस-प्रसंग को लेकर जैतपुर साईं टोला निवासी बनारसी महतो के 20 वर्षीय पुत्र पिंटू महतो की हत्या कर दी गई। पिंटू का शव घर से कुछ दूरी पर पानी भरे गड्ढे से सोमवार को बरामद किया गया है।

By Akshay PandeyEdited By: Publish:Mon, 26 Jul 2021 05:52 PM (IST) Updated:Mon, 26 Jul 2021 05:52 PM (IST)
बिहारः सारण में प्रेम-प्रसंग में युवक की हत्या, घर पहुंची लड़की बोली- मैंने इससे की थी शादी
बिहार सारण में युवक की हत्या कर दी। सांकेतिक तस्वीर।

संसू, दाउदपुर (सारण) : दाउदपुर थाना क्षेत्र के जैतपुर साई टोला गांव में प्रेम-प्रसंग को लेकर बनारसी महतो के 20 वर्षीय पुत्र पिंटू महतो की हत्या कर दी गई। पिंटू का शव घर से कुछ दूरी पर पानी भरे गड्ढे से सोमवार को बरामद किया गया है। पिंटू पांच दिनों से घर गायब था। मामले में पिंटू की मां प्रभावती देवी ने दो नामजद व दो अज्ञात पर हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई है। वहीं एक आरोपित की पुत्री ने पिंटू के घर आकर कहा है कि वह उसका पति था। पुलिस घटना की प्राथमिकी दर्ज कर मामले की छानबीन कर रही है। 

जानकारी के अनुसार पिंटू महतो 21 जुलाई की शाम को करीब आठ बजे खाना खाकर टहलने के लिए घर से निकला था। देर रात तक वापस नहीं आया। देर होने के बाद स्वजन खोजबीन में लग गए, लेकिन कोई सुराग नही मिलने पर 22 जुलाई को मां प्रभावती देवी ने उसकी गुमशुदगी की प्राथमिकी दाउदपुर थाने में दर्ज करा दी। इसके बाद स्थानीय पुलिस भी पिंटू की तलाश में लग गई। सोमवार की अल सुबह एक गड्डे से काफी दुर्गंध आने पर आसपास के लोगों ने इसकी जानकारी दाउदपुर थाने को दी। उसके बाद पुलिस दल-बल के साथ घटना स्थल पर पहुंची। छानबीन शुरू की गई तो अचानक शव पर नजर पड़ी। पुलिस ने शव को बाहर निकाला। शिनाख्त के पिंटू महतो के रूप में हुई।

इधर, शव मिलने की जानकारी होते ही स्वजन चीखते-चिल्लाते घटनास्थल पर पहुंच गए। शव मिलने के बाद पिंटू की मां ने सोमवार को हत्या की नई प्राथमिकी दर्ज कराई। दो नामजद सहित अन्य दो लोगों पर अपहरण कर हत्या का आरोप लगाया है। दर्ज प्राथमिकी में पिंटू की मां ने कहा है कि जैतपुर तिवारी टोला गांव निवासी पिंटू के दोस्त रंजीत महतो और उनके पिता जितेंद्र महतो ने फोन कर पुत्र को बुलाया था। उसके बाद हत्या कर दी गयी। स्वजनों का कहना है कि जितेंद महतो की पुत्री को पिंटू के गायब होने की जब जानकारी मिली तो किशोरी पिंटू के घर पहुंच गई। उसने स्वजनों से पिंटू के बारे में पूछा। संतोषजनक जवाब नहीं मिला। स्वजनों ने जब पूछा कि तुम्हारा पिंटू से क्या संबंध है, तो किशोरी ने बताया कि उसके साथ विवाह हो चुका था। उसके बाद स्वजनों ने उसे भगा दिया। इस संबंध में दाउदपुर थाना प्रभारी ने कहा कि प्रथम दृष्टया पिंटू की हत्या प्रेम प्रसंग में होने की बात सामने आ रही है। इसके अलावे अन्य बिंदुओं पर भी जांच की जा रही है। शीघ्र ही मामले का उद्भेदन कर दिया जाएगा।

chat bot
आपका साथी