Bihar Mahagathbandhan News: महागठबंधन में तकरार, समन्‍वय समिति पर टालमटोल जारी; अब गोहिल का इंतजार

Bihar Mahagathbandhan News सियासी समर शुरू होने वाला है लेकिन महागठबंधन में अभी तक घमासान है। समन्वय समिति भी नहीं बन पाई है। टाल-मटोल की राजनीति जारी है।

By Rajesh ThakurEdited By: Publish:Mon, 06 Jul 2020 06:33 PM (IST) Updated:Mon, 06 Jul 2020 11:17 PM (IST)
Bihar Mahagathbandhan News: महागठबंधन में तकरार, समन्‍वय समिति पर टालमटोल जारी; अब गोहिल का इंतजार
Bihar Mahagathbandhan News: महागठबंधन में तकरार, समन्‍वय समिति पर टालमटोल जारी; अब गोहिल का इंतजार

पटना, सुनील राज। सियासी समर शुरू होने वाला है, लेकिन महागठबंधन में अभी तक घमासान है। समन्वय समिति भी नहीं बन पाई है। टाल-मटोल की राजनीति जारी है। कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी के दरबार में घटक दलों की गुहार भी बेअसर हो गई है। अब बिहार कांग्रेस के प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल का इंतजार है, जो मंगलवार को पटना पहुंचने वाले हैं। बैठक तो वह कांग्रेस की लेंगे, लेकिन अन्य साथी दलों को उनसे आस बंधी है कि अब तक अकेले चल रहे राजद पर वह दबाव बनाने में कामयाब हो सकेंगे। 

तेजस्‍वी पर फोड़ा जा रहा है ठीकरा

हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम), कांग्रेस और रालोसपा की तमाम कोशिशों के बावजूद अबतक समन्वय समिति नहीं बन पाने का ठीकरा राजद नेता तेजस्वी यादव पर फोड़ा जा रहा है। हालांकि राजद ने समिति पर सहमति बनाने के लिए पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह को अधिकृत कर दिया है। बावजूद अब तक अनिर्णय के हालात हैं। 

मांझी ने सबसे पहले समन्‍वय समिति का उठाया है मामला

महागठबंधन में समन्वय समिति बनाने का मामला सबसे पहले जीतन राम मांझी ने उठाया था। बीते वर्ष हुए लोकसभा चुनाव में सहयोगियों के साथ सीट बंटवारे का मामला फंसने के बाद से मांझी यह मांग करते रहे हैं। किंतु राजद ने मांझी की मांग को कभी महत्व नहीं दिया। नाराज मांझी कई बार अलग राह चलने की धमकी भी देते रहे हैं। इसके पहले उन्होंने राजद को 25 जून तक का अल्टीमेटम दिया था। निराशा हाथ लगने के बाद वे सोनिया गांधी के दरबार तक पहुंच गए। उनकी मांग को देखते हुए सोनिया गांधी के निर्देश पर अहमद पटेल की अध्यक्षता में महागठबंधन की वर्चुअल बैठक में यह मांग राजद के समक्ष रखी गई। बैठक में सभी घटक दलों के शीर्ष नेता मौजूद थे। राजद की ओर से सांसद मनोज झा ने शिरकत की थी। उन्होंने दो जुलाई तक समन्वय समिति बनाने का वादा भी किया, परन्तु नतीजा ढाक के तीन पात ही रहा। 

अब शक्ति सिंह गोहिल से उम्‍मीद

अब फिर चर्चा शुरू हो गई है। कांग्रेस के बिहार प्रभारी शक्ति सिंह गोहिल मंगलवार को पटना आ रहे हैं। चर्चा है कि वे पार्टी की अंदरुनी बैठक में यह मामला उठा सकते हैं। दूसरी ओर मांझी ने 11 जुलाई को पार्टी की कोर कमेटी की बैठक बुलाई है। देखना यह होगा कि समन्वय समिति का मामला निपटता है या फिर राजद कोई नई चाल चलकर सहयोगियों को चारो खाने चित करने में सफल होता है। 

chat bot
आपका साथी