पटनाः जेल की महिला कैदी अब लेंगी कूलर की हवा, मिलेगा गर्म पानी व काढ़ा

कैदियों के लिए कारा प्रशासन की ओर से सोमवार को महिला वार्ड में आधा दर्जन वाटर कूलर लगा दिया गया है। वहीं कैदियों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए अब नियमित रूप से सुबह-शाम 250 एमएल काढ़ा दिया जा रहा है। ऐसा बेउर जेल में किया जा रहा है।

By Akshay PandeyEdited By: Publish:Tue, 20 Apr 2021 12:21 PM (IST) Updated:Tue, 20 Apr 2021 12:21 PM (IST)
पटनाः जेल की महिला कैदी अब लेंगी कूलर की हवा, मिलेगा गर्म पानी व काढ़ा
पटना में कैदियों को अब कूलर की हवा मिलेगी। प्रतीकात्मक तस्वीर।

जागरण संवाददाता, पटना: भीषण गर्मी से कैदी भी परेशान हैं। कारा प्रशासन की ओर से पहले चरण में महिला कैदियों को भीषण गर्मी से राहत देने की कोशिश शुरू कर दी गई है। महिला कैदियों के लिए कारा प्रशासन की ओर से सोमवार को महिला वार्ड में आधा दर्जन वाटर कूलर लगा दिया गया है। अब महिला कैदियों को भीषण गर्मी से राहत मिलने लगी। वहीं आदर्श केंद्रीय कारा बेउर में कैदियों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए अब  नियमित रूप से सुबह-शाम 250 एमएल काढ़ा दिया जा रहा है।

महिला कैदियों के लिए खरीदे गए छह वाटर कूलर

काराधीक्षक जितेंद्र कुमार ने बताया कि महिला कैदियों के लिए कारा प्रशासन की ओर से छह वाटर कूलर खरीदे गए हैं। इसे महिला वार्ड को दे दिया गया है। महिला कैदियों की ओर से काफी दिनों से इसकी मांग की जा रही थी। इससे जेल में बंद छोटे-छोटे बच्चों को भी राहत मिलेगी। महिला वार्ड के अस्पताल में भी एक कूलर लगाया गया है।

कोरोना से बचाव को कैदियों  को मिलेगा गर्म पानी व काढ़ा

आदर्श केंद्रीय कारा बेउर में कैदियों की रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए अब  नियमित रूप से सुबह-शाम 250 एमएल काढ़ा दिया जा रहा है। सोमवार को जेल के 4500 से अधिक बंदियों को काढ़ा दिया गया। इसके लिए हरेक वार्ड के भंसा को विशेष रूप से अधिकृत किया गया है। इसके साथ ही कैदियों को 24 घंटे गर्म पानी उपलब्ध कराने के लिए सभी वार्डों में एक-एक इलेक्ट्रिक केतली उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया है। कारा प्रशासन की 150 इलेक्ट्रिक केतली खरीदी जा रही है। एक सप्ताह के अंदर सभी वार्डों में एक-एक इलेक्ट्रिक केतली उपलब्ध करा दी जाएगी। कैदियों को कोरोना संक्रमण से बचाए रखने के लिए सुरक्षाकर्मियों को भी सीधे वार्ड में नहीं जाने का निर्देश दिया गया है। काराधीक्षक जितेंद्र कुमार ने कहा कि कैदियों को संक्रमण से बचाने के लिए एहतियात बरती जा रही है।

chat bot
आपका साथी