बिहार के सभी थानों में बनेगा महिला हेल्प डेस्क, महिला कांस्टेबल के पास होगी कमान

सीआइडी ने जारी किया निर्देश बिहार के सभी थानों में महिलाओं की शिकायत सुनने को अलग व्‍यवस्‍था बड़े थानों में पाली के हिसाब से लगेगी ड्यूटी एफआइआर दर्ज करने से लेकर संबंधित अधिकारियों तक शिकायत पहुंचाने और सरकारी मदद दिलाने तक की होगी जिम्मेवारी

By Shubh Narayan PathakEdited By: Publish:Sun, 17 Jan 2021 12:18 PM (IST) Updated:Sun, 17 Jan 2021 12:18 PM (IST)
बिहार के सभी थानों में बनेगा महिला हेल्प डेस्क, महिला कांस्टेबल के पास होगी कमान
बिहार के सभी थानों में महिलाओं की शिकायत सुनने के लिए अलग से होगी व्‍यवस्‍था। जागरण

पटना, राज्य ब्यूरो। बिहार के सभी थानों में महिला हेल्प डेस्क बनाया जाएगा। यहां थाने में आने वाली महिलाओं की शिकायत सुनने से लेकर उनकी काउंसिलिंग करने तक की व्यवस्था होगी। हेल्प डेस्क पर तैनात महिला पुलिसकर्मी न केवल एफआइआर दर्ज कराने में उनकी मदद करेंगी बल्कि उनकी शिकायत से जुड़ी संस्थाओं और सरकारी सुविधाओं की भी जानकारी देंगी। इस बाबत अपराध अनुसंधान विभाग (सीआइडी) ने सभी जिलों के एसपी को निर्देश जारी कर दिया है।

कम से कम एक महिला कांस्‍टेबल की विशेष तैनाती

सीआइडी के एडीजी विनय कुमार ने बताया कि हर थाने में महिला डेस्क के लिए कम से कम एक महिला कांस्टेबल की विशेष तैनाती की जाएगी। बड़े थानों में जहां महिलाओं से जुड़ीं शिकायतें अधिक आती हैं, वहां अलग-अलग पाली में महिला पुलिसकर्मी की ड्यूटी लगेगी। सभी एसपी को अपने वर्तमान बल से ही जिले के हर थाने में महिला हेल्प डेस्क शुरू करने को कहा गया है। जहां महिला पुलिसकर्मियों की कमी होगी, वहां जरूरत के अनुसार अलग से महिला कांस्टेबल की तैनाती की जाएगी।

महिलाओं से जुड़े कानूनों का मिलेगा प्रशिक्षण

महिला हेल्प डेस्क के लिए महिला पुलिसकर्मियों को भी विशेष प्रशिक्षण दिया जाएगा। उन्हें महिलाओं से जुड़े कानून और अधिकारों की पूरी जानकारी दी जाएगी ताकि थाने में आने वाली महिलाओं की वह बेहतर तरीके से काउंसिलिंग कर सकें। महिलाओं को बताया जाएगा कि उनकी शिकायत के लिए महिला थाना, महिला आयोग और महिला हेल्पलाइन सेंटर जैसे केंद्र भी हैं। उदाहरण के लिए अगर बाल विवाह से जुड़ा मामला होगा तो उनकी बात संबंधित एसडीओ तक पहुंचाने की व्यवस्था की जाएगी। अगर किसी मामले में महिला को सरकारी लाभ या मदद मिलने का सरकारी प्रावधान है, तो उसकी जानकारी भी महिला पुलिसकर्मी हेल्प डेस्क के जरिए देंगी।

महिला सुरक्षा पर विशेष जोर

महिला सुरक्षा पर राज्य सरकार का विशेष जोर है। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भी पिछले दिनों पुलिस मुख्यालय में इसको लेकर विशेष दिशा-निर्देश दिए थे। पुलिस का यह कदम उसी कड़ी का हिस्सा बताया जा रहा है। सभी थानों को जल्द से जल्द महिला हेल्प डेस्क का गठन कर इसकी शुरुआत करने को कहा गया है।

chat bot
आपका साथी