नालंदा से ड्यूटी ज्वाइन करने झारखंड गई महिला 10 दिन से लापता, मोबाइल पर आया था अननोन नंबर से फोन
नालंदा की एक महिला पिछले 10 दिनों से गायब है। जानकारी के मुताबिक डिंपल कुमारी झारखंड के गढ़वा जिला यूनिटी हेल्थ आफिसर के पद पर मक्षियाव में पदस्थापित है। वो 26 नवंबर को घर से निकली थी लेकिन ड्यूटी पर नहीं पहुंची।
हिलसा(नालंदा), संवाद सहयोगी। स्थानीय शहर के शिवनगर मोहल्ले से दस दिन पहले ड्यूटी जाने के लिए निकली महिला का अब तक सुराग नहीं मिला। महिला झारखंड में हेल्थ आफिसर के पद पर स्थापित है। बताया जाता है कि महिला विगत 12 नवम्बर की सुबह तकरीबन सुबह आठ बजे घर से ड्यूटी के लिए झारखंड की ओर रवाना हुई थी। लेकिन आज तक ड्यूटी पर नहीं पहुंची। इस संदर्भ में पांच दिन पहले हिलसा थाना में प्राथमिकी दर्ज भी कराई गई है।
लेकिन अभी तक किसी तरह की सुराग नहीं मिली है। पुलिस की ओर से कोई कार्रवाई नहीं होने से स्वजन अपहरण की आशंका से सहमे हुए हैं। इधर, पुलिस शीघ्र ही महिला की बरामदगी की बात कह रही है। बता दें कि शिव नगर मोहल्ला निवासी अंचित लाल की पत्नी डिंपल कुमारी झारखंड प्रदेश के गढ़वा जिला यूनिटी हेल्थ आफिसर के पद पर मक्षियाव में पदस्थापित हैं। कुछ दिन पहले छुट्टी लेकर घर आई थी। स्वजनों का कहना है कि डिंपल कुमारी 26 नवंबर की सुबह करीब तकरीबन आठ बजे झारखंड जाने के लिए घर से निकली थी। झारखंड नहीं पहुंची तो स्वजन ने खोजबीन शुरू की लेकिन उनका कहीं सुराग नहीं मिला।
अननोन नंबर से आया था पत्नी के मोबाइल पर फोन
पहली दिसंबर को हिलसा थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई। गायब महिला के पति अंचित लाल ने कहा कि इन 8761825250,9301009400,7903 033428 नंबरों से पत्नी की मोबाइल पर फोन आया था। स्वजन ने बताया कि यदि पुलिस इस मामले में गंभीरता नहीं दिखाई तो महिला के साथ किसी भी अप्रिय घटना होने से इनकार नहीं किया जा सकता है। कांड का अनुसंधानकर्ता दारोगा नीरज कुमार ने बताया कि महिला की बरामदगी के लिए सीसीटीवी एवं मोबाइल लोकेशन के आधार पर छापेमारी अभियान में जुट गई है। पुलिस का कहना है कि हर एंगल से जांच की जा रही है।