अक्टूबर में आहट, नवंबर से पड़ने लगेगी ठंड

रविवार को राजधानी सहित राज्य में मानसून के दौरान सुबह धुंध की स्थिति देखने को मिली।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 21 Sep 2021 01:52 AM (IST) Updated:Tue, 21 Sep 2021 01:52 AM (IST)
अक्टूबर में आहट, नवंबर से पड़ने लगेगी ठंड
अक्टूबर में आहट, नवंबर से पड़ने लगेगी ठंड

पटना । रविवार को राजधानी सहित राज्य में मानसून के दौरान सुबह धुंध की स्थिति देखने को मिली। लोग इसे ठंड की शुरुआत मान रहे पर मौसम विभाग इसका मुख्य कारण वातावरण में नमी का अधिक होना बता रहा है। उसके अनुसार नवंबर से पूर्व ठंड नहीं पड़ेगी।

पटना मौसम विभाग के विज्ञानी आनंद शंकर की मानें तो मानसून के आखिरी दौर में ऐसी स्थिति देखने को मिलती है। नमी के कारण वातावरण में धुंध रहता है। अभी मानसून सक्रिय है। बारिश होने के कारण तापमान में बदलाव भी हो रहा है। इससे सुबह धुंध की स्थिति कभी-कभी बन जाती है। लेकिन, इसका मतलब यह नहीं है कि ठंड ने दस्तक दे दी है। शरद ऋतु का आगमन समय से पूर्व नहीं होगा। यह नवंबर माह से ही आरंभ होगी।

मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक विवेक सिन्हा के अनुसार अक्टूबर माह से लोगों को शरद ऋतु की आहट मिलने लगेगी। नवंबर में ठंड का आगमन पूर्ण रूप से होगा। कोहरे की स्थिति बनने की संभावना है। नवंबर के पहले हफ्ते में इसका असर देखने को मिल सकता है। उन्होंने बताया कि रविवार को पटना सहित राज्य के कुछ भागों में सुबह में धुंध की स्थिति थी। ऐसी स्थिति समय-समय पर लोगों को देखने को मिलेगी। वातावरण में नमी के कारण तापमान में कमी व धूलकण के साथ आकाश में धुंध की चादर घनीभूत होकर धीरे-धीरे कोहरे में तब्दील हो जाती है। ऐसे में धुंध का वातावरण सुबह दिखना कोई बड़ी बात नहीं है।

पछुआ हवा के कारण तापमान में गिरावट : इन दिनों दिन में धूप निकलने से लोगों को गर्मी लग रही है। शाम को लोगों को थोड़ी ठंड महसूस हो रही है। मौसम विज्ञानी संजय कुमार ने बताया कि प्रदेश में इन दिनों पछुआ हवा का प्रभाव है। इस कारण तापमान में थोड़ी गिरावट आई है। पछुआ के प्रभाव से हवा भी शुष्क हो जाती है जिसका असर तापमान पर पड़ता है। मानसून के विदा होने में कुछ दिन बाकी हैं, इसका प्रभाव तापमान पर पड़ रहा है।

chat bot
आपका साथी