बिहारः रेलवे स्टेशन पर पति ने ईंट से सिर कूचकर की पत्नी की हत्या, फिर शव के बगल में चैन से सोया

बिहार के बेगूसराय में खाना बनाने के मामूली विवाद में पति ने अपनी पत्नी की ईंट-पत्थरों से कूचकर हत्या कर दी। वारदात को हादसे का रूप देने के लिए शव को रेलवे ट्रैक पर रख दिया और नशे की हालत में प्लेटफार्म पर लाश से कुछ दूरी पर सो गया।

By Akshay PandeyEdited By: Publish:Sun, 13 Jun 2021 03:55 PM (IST) Updated:Sun, 13 Jun 2021 03:55 PM (IST)
बिहारः रेलवे स्टेशन पर पति ने ईंट से सिर कूचकर की पत्नी की हत्या, फिर शव के बगल में चैन से सोया
बेगूसराय में पति ने पत्नी की हत्या कर दी। प्रतीकात्मक तस्वीर।

जागरण संवाददाता, बेगूसराय: बिहार के बेगूसराय से बड़ी वारदात सामने आई है। खाना बनाने के मामूली विवाद में पति ने अपनी पत्नी की बेगूसराय रेलवे स्टेशन के यात्री शेड के समीप ईंट-पत्थरों से कूचकर हत्या कर दी। वारदात को हादसे का रूप देने के लिए शव को रेलवे ट्रैक पर रख दिया और नशे की हालत में प्लेटफार्म पर लाश से कुछ दूरी पर सो गया। रविवार की सुबह बेगूसराय जीआरपी ने महिला का शव बरामद किया। जिसके बाद मौके से ही हत्यारे पति को गिरफ्तार कर लिया गया है। मृतका की पहचान बरौनी थाना क्षेत्र के पीपरा देवस वार्ड 10 निवासी स्व. उपेन्द्र सदा की 54 वर्षीय पत्नी कुसमा देवी के रूप में हुई है। वहीं आरोपित की पहचान भगवानपुर थाना क्षेत्र के दहिया निवासी पुनाई सदा के 28 वर्षीय पुत्र राजेश सदा उर्फ कमल के रूप में हुई है।

मिली जानकारी के अनुसार राजेश सदा उर्फ कमल बेगूसराय स्थित झोपड़पट्टी में रहता है। एक वर्ष पूर्व रिश्ते में भाई उपेन्द्र सदा की मौत के बाद उसने अपनी भाभी से शादी कर ली थी। शादी के बाद दोनों एक साथ रह रहे थे। शनिवार की रात दोनों में खाना बनाने को लेकर विवाद हुआ, जिसके बाद महिला अपने गांव जाने के लिए बेगूसराय रेलवे स्टेशन पहुंच गई। पीछा करते हुए राजेश भी स्टेशन पहुंच गया और देर रात ही ईंट-पत्थर से कूचकर उसकी हत्या कर दी। शव को रेलवे ट्रैक के समीप रख दिया। नशे में रहने के कारण वह भी प्लेटफार्म पर ही सोया रहा। अहले सुबह जीआरपी ने महिला का शव बरामद कर जब मौके पर पड़ताल की तो हाथ व कपड़े में खून लगा देख उसके पति को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने जब उससे पूछताछ की तो मामला साफ हो गया। जीआरपी थानाध्यक्ष अखिलेश्वर शर्मा ने शव को ई रिक्शा पर लाद कर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। वहीं गिरफ्तार पति की चिकित्सकीय जांच के बाद न्यायिक हिरासत में भेजने की तैयारी की जा रही है। 

chat bot
आपका साथी