ऐसी भी क्‍या दुश्‍मनी, थोड़ा सोचा भी नहीं कि अब बेटी की शादी कैसे होगी, जानिए क्‍या हुआ वैशाली में

वैशाली जिले के पातेपुर प्रखंड अंतर्गत बलिगांव थाना क्षेत्र के चकजादो गांव निवासी गुड्डू राय के घर में शुक्रवार की आधी रात आपसी दुश्‍मनी में आग लगा दी गई। इस घटना में घर में रखे सारे सामान जलकर राख हो गए।

By Vyas ChandraEdited By: Publish:Sat, 04 Dec 2021 04:29 PM (IST) Updated:Sat, 04 Dec 2021 04:39 PM (IST)
ऐसी भी क्‍या दुश्‍मनी, थोड़ा सोचा भी नहीं कि अब बेटी की शादी कैसे होगी, जानिए क्‍या हुआ वैशाली में
आरोपित युवक को ग्रामीणों ने दबोचा, पुलिस कर रही जांच। सांकेतिक तस्‍वीर

पातेपुर (वैशाली), संवाद सूत्र।  वैशाली जिले के पातेपुर प्रखंड अंतर्गत बलिगांव थाना क्षेत्र के चकजादो गांव निवासी गुड्डू राय के घर में शुक्रवार की आधी रात आपसी दुश्‍मनी में आग लगा दी गई। इस घटना में घर में रखे सारे सामान जलकर राख हो गए। रविवार को जिस घर में बेटी की शादी थी, वहां हुई ऐसी घटना से परिवार के लोग बदहवास हैं। इस मामले में चिकनौटा गांव के रहने वाले अंकित कुमार को ग्रामीणों की मदद से पकड़ा गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। उससे पूछताछ की जा रही है। 

आपसी दुश्‍मनी में आग लगाने का आरोप  

बताया जाता है कि गुड्डू राय की बेटी की शादी पांच दिसंबर को है। कल उसकी बरात आने वाली थी। घर में सारी तैयारी हो चुकी थी। देर रात घर में आग लग गई। आग उसी कमरे में लगी जिसमें शादी के सारे सामान रखे थे। आग की तपिश का अहसास होने पर घर के लोगों की नींद खुली तो नजारा देखकर वे सन्‍न रह गए। शोर मचाते सभी लोग बाहर भागे। शोर सुनकर ग्रामीण जुटे। लोगों ने एकजुटता दिखाते हुए आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक घर में रखे सारे सामान जलकर राख हो चुके थे।

कल आनी है बरात, जल गए सारे सामान 

शादी के लिए खरीदे गए कपड़े, जेवरात, अनाज आदि बर्बाद हो गए। इस बीच लोगों को पता चल गया कि घर में आग लगाई गई है। इसके बाद लोगों ने अंकित कुमार को पकड़ लिया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंच गई। आरोपित युवक को हिरासत में ले लिया। घटनास्थल पर मौजूद ग्रामीणों ने बताया कि गुड्डू राय की लड़की की शादी थी। उसकी कल ही बारात आने वाली है। निजी दुश्मनी को लेकर युवक ने घर में आग लगा कर शादी का सारा सामान जला दिया है। इधर घटना के बाद से गुड्डू राय के परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल है। उन्‍हें अब चिंता सता रही है कि बेटी की शादी कैसे होगी। 

chat bot
आपका साथी