Weather in Patna: पछुआ हवा की गति के साथ गिरता जाएगा तापमान, फिलहाल आकाश रहेगा साफ
Weather in patna बुधवार की सुबह अच्छी धूप निकली लेकिन वातावरण में ठंड बहुत ज्यादा होने के कारण धूप का कोई खास असर महसूस नहीं हो रहा है। सुबह में ज्यादा ठंड होने के कारण लोग घरों में काफी देर तक दुबके रहे।
पटना, जेएनएन। पश्चिम से आने वाली ठंडी हवाओं के कारण फिलहाल पूरा उत्तरी भारत ठंड की चपेट में आ चुका है। खासकर सुबह के वक्त वातावरण में काफी ठंड रही है। बुधवार की सुबह अच्छी धूप निकली, लेकिन वातावरण में ठंड बहुत ज्यादा होने के कारण धूप का कोई खास असर महसूस नहीं हो रहा है। सुबह में ज्यादा ठंड होने के कारण लोग घरों में काफी देर तक दुबके रहे। ठंड में वृद्धि का मुख्य कारण पछुआ हवा की गति में आई तेजी को बताया जा रहा है।
पछुआ हवाएं अपने साथ लेकर आती हैं नमी
पटना मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानियों का कहना है कि आजकल पश्चिम से आने वाली ठंडी हवाएं अपने साथ भारी मात्रा में नमी लेकर आ रही हैं। ये हवाएं लंबी दूरी तय कर भारत के मैदानी भागों में पहुंचती हैं। पश्चिम से आने वाली हवाएं विभिन्न पर्वतों से टकरा कर भारत में पहुंचती हैं, तब तक काफी ठंडी हो चुकी होती हैं।
फरवरी तक रहेगा सर्द पछुआ हवाओं का असर
विशेषज्ञों का कहना है कि दिसंबर की प्रथम सप्ताह से लेकर मध्य फरवरी तक ठंडी हवाओं का व्यापक असर रहेगा। इस वर्ष तो नवंबर भी काफी ठंडा रहा है। राजधानी में न्यूनतम तापमान 9.4 तक पहुंच गया है , जो पिछले 12 वर्षों में सबसे न्यूनतम स्तर है। विशेषज्ञों का कहना है कि अन्य वर्षों की तुलना में इस वर्ष ठंड ज्यादा पढ़ने की उम्मीद है। वर्तमान में राजधानी का न्यूनतम तापमान 10 से 12 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह रहा है। दो-तीन दिनों में न्यूनतम तापमान में और गिरावट आने की उम्मीद की जा रही है। ऐसे में मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानियों ने लोगों को सावधान किया है कि ठंड को लेकर कतई लापरवाही नहीं बरतें।