Weather in Bihar: बिहार में घने कोहरे के कारण सुबह 10 बजे तक लाइट जलाकर चलते रहे वाहन

राज्य में पछुआ हवा थमने के बाद वातावरण में कोहरा काफी बढ़ गया है। कोहरे के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शनिवार की सुबह भी प्रदेश के विभिन्न इलाकों में कोहरा छाए रहने की उम्मीद है। हालांकि दिन चढऩे के साथ कोहरा साफ हो जाएगा।

By Shubh Narayan PathakEdited By: Publish:Sat, 23 Jan 2021 06:36 AM (IST) Updated:Sat, 23 Jan 2021 09:48 AM (IST)
Weather in Bihar: बिहार में घने कोहरे के कारण सुबह 10 बजे तक लाइट जलाकर चलते रहे वाहन
पटना में अभी ठंड से नहीं मिल रही राहत। प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर

पटना, जागरण संवाददाता। Weather in Patna: राज्य में पछुआ हवा थमने के बाद वातावरण में कोहरा काफी बढ़ गया है। कोहरे के कारण लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। शनिवार की सुबह भी प्रदेश के विभिन्न इलाकों में कोहरा छाया रहा। मौसम विज्ञानियों ने दिन चढ़ने के साथ कोहरा साफ होने की उम्‍मीद जताई थी, लेकिन सुबह 10 बजे तक इसके जरा भी आसार दिख नहीं रहे हैं। सर्दी के कारण पटना के पार्क, मैदान और सड़कें खाली हैं। अति आवश्यक कार्य से ही लोग घरों से बाहर निकल रहे हैं। कोहरे के कारण सड़कों पर वाहन चलाने में भी लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कोहरे का प्रभाव ट्रेनों और हवाई यातायात पर भी देखा जा रहा है ।

सूर्यास्‍त के बाद तेजी से गिर रहा तापमान

पटना मौसम विज्ञान केंद्र के विज्ञानी संजय कुमार का कहना है कि वर्तमान में सुबह-शाम ठंड कायम रहेगी। दिन में धूप निकलने पर लोगों को ठंड से राहत मिल रही है, लेकिन सूर्यास्त के बाद अचानक तापमान गिर जा रहा है। इस तरह की स्थिति अगले दो दिनों तक बने रहने की उम्मीद है। राजधानी में शुक्रवार को अधिकतम तापमान 20.4 एवं न्यूनतम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया है। राजधानी की हवा में आर्द्रता 97 फीसद रिकार्ड की गई।

गया में रिकॉर्ड किया गया न्‍यूनतम तापमान

शनिवार की सुबह लोगों की आंखें खुलीं तो वातावरण में कोहरा छाया हुआ था। वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। लेकिन दस बजे के बाद मौसम में सुधार हुआ और धीरे-धीरे आकाश साफ होने लगा। राज्य में सबसे कम अधिकतम तापमान भागलपुर में रिकार्ड किया गया, वहां पर शुक्रवार को अधिकतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। सबसे न्यूनतम तापमान गया में रिकॉर्ड किया गया, वहां यह 5.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। पूर्णिया की हवा में 100 फीसद आद्र्रता दर्ज की गई।

पीएमसीएच के हार्ट रोग विशेषज्ञ डॉक्टर अशोक कुमार का कहना है कि कोहरे की वजह से लोग घर में ही रहें। खासकर बुजुर्ग लोग घर में ही आजकल योगाभ्यास करें। वर्तमान मौसम में घर से बाहर निकलना उनके लिए खतरनाक साबित हो सकता है। घर के अंदर बुजुर्ग बीपी एवं शुगर की दवा लेते रहें। खानपान पर भी ध्यान देना बहुत जरूरी है।  बुजुर्गों के साथ साथ बच्चों के स्वास्थ्य के प्रति भी ध्यान देने की जरूरत है। अभिभावक कोशिश करें कि बच्चे खुले में खेलने ना जाएं। घर के वातावरण भी गर्म रखने की जरूरत है। इसके लिए हीटर आदि का उपयोग किया जा सकता है।

chat bot
आपका साथी