मुखिया बनने की चाहत में पूर्व मुखिया को मारी थी गोली

बीते आठ नवंबर को ऐनखा-भीमनीचक पंचायत के पूर्व मुखिया व जदयू जिला उपाध्यक्ष संजय वर्मा की हत्या का पुलिस ने पर्दाफाश कर लिया है।

By JagranEdited By: Publish:Tue, 24 Nov 2020 09:09 PM (IST) Updated:Tue, 24 Nov 2020 09:09 PM (IST)
मुखिया बनने की चाहत में पूर्व मुखिया को मारी थी गोली
मुखिया बनने की चाहत में पूर्व मुखिया को मारी थी गोली

दुल्हिन बाजार। बीते आठ नवंबर को ऐनखा-भीमनीचक पंचायत के पूर्व मुखिया व जदयू जिला उपाध्यक्ष संजय वर्मा की हत्या का पर्दाफाश मंगलवार को हो गया। दो बाइक पर सवार पांच अपराधियों ने घटना को अंजाम दिया था। घटना का मास्टरमाइंड गांव का रागीश कुमार ऊर्फ मुनीम शर्मा है। पुलिस ने वारदात में शामिल पालीगंज थाने के महवलीपुर निवासी विंदा शर्मा के पुत्र चंदन कुमार (38), दुल्हिन बाजार के बाडीचक निवासी विजय शर्मा के पुत्र विक्कू कुमार शर्मा (30) व भीमनीचक निवासी रिकू प्रसाद के पुत्र मंटू कुमार (16) को गिरफ्तार कर लिया है। दो अन्य की गिरफ्तारी के लिए अब भी छापेमारी जारी है।

डीएसपी मो. तनवीर ने बताया कि उद्भेदन पूरी तरह से विज्ञानी अनुसंधान से हुआ। गिरफ्तार मंटू पूर्व मुखिया संजय वर्मा का पड़ोसी था। यह पूर्व मुखिया की रेकी कर अपराधियों के पास खबर पहुंचा रहा था। मुनीम शर्मा ने मंटू को कुछ दिन पहले ही नया मोबाइल उपलब्ध कराया था। मास्टरमाइंड मुनीम के पास से कुछ दिन पहले एक पिकअप अंग्रेजी शराब जब्त हुई थी। उसने कार्रवाई में पूर्व मुखिया की संलिप्तता मान ली थी। 2021 में मुनीम किसी हालात में मुखिया बनना चाह रहा था। इसमें भी उसे पूर्व मखिया रुकावट लग रहे थे। एक माह की रेकी के बाद उसने वारदात को अंजाम दिया। अज्ञात पर केस दर्ज होने से पुलिस की बढ़ गई थी परेशानी

डीएसपी ने बताया कि हत्या के बाद संजीत वर्मा के भाई रामाशीष वर्मा ने अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज कराया था। इससे पुलिस की थोड़ी परेशानी बढ़ गई थी। एसएसपी ने स्वयं भी जांच की थी। मामले में एसआइटी गठित की गई थी। टीम ने जब जांच की तो पता चला कि पड़ोसी मंटू कुमार लाइनर का काम कर रहा था। चंदन व विक्कू शूटर की भूमिका में थे। वहीं चंदन कुमार पिछले वर्ष ही बालू के विवाद में महवलीपुर में हुई फायरिंग में गंभीर रूप से जख्मी हो गया था।

chat bot
आपका साथी