मवेशी चोरों का पीछा कर रहे ग्रामीणों को वैशाली पुलिस ने रोका, गुस्‍साए लोगों ने सुबह में किया रोड जाम

बिदुपुर थाना क्षेत्र के खरीका एवं कैलाचक गांव में मंगलवार देर रात मवेशी लेकर चोर चंपत हो रहे थे। इसी दौरान लोगों की नींद खुल गई। चोर भागने लगे। चोरों का पीछा कर रहे लोगों को रास्‍ते में राजापाकर थाने की पुलिस ने रोक दिया।

By Vyas ChandraEdited By: Publish:Wed, 08 Dec 2021 04:37 PM (IST) Updated:Wed, 08 Dec 2021 04:37 PM (IST)
मवेशी चोरों का पीछा कर रहे ग्रामीणों को वैशाली पुलिस ने रोका, गुस्‍साए लोगों ने सुबह में किया रोड जाम
सड़क पर भैंस बांध लोगों ने किया जाम। जागरण

बिदुपुर (वैशाली), संवाद सूत्र। बिदुपुर थाना क्षेत्र के खरीका एवं कैलाचक गांव में मंगलवार देर रात मवेशी लेकर चोर चंपत हो रहे थे। इसी दौरान लोगों की नींद खुल गई। चोर भागने लगे। चोरों का पीछा कर रहे लोगों को रास्‍ते में राजापाकर थाने की पुलिस ने रोक दिया। बोलेरो चालक से लाइसेंस ले लिए। लोगों का आरोप था कि इस वजह  से चोरों को भागने का मौका मिल गया। लोगों ने बुधवार को हाजीपुर-जंदाहा एनएच को बनारसी चौक पर जाम कर दिया। पुलिस ने पहुंचकर लोगों को समझा-बुझाकर शांत कराया।   

पशुपालक पर चोरों ने कर दिया हमला 

जानकारी के अनुसार खरिका गांव के लखन सिंह की दो भैंस और एक पाड़ी, खरिका दक्षिण टोला निवासी अजय सिंह की एक गाय और एक बाछी तथा कैलाचक निवासी सुनील सिंह की एक भैंस खोलकर चोरों ने तेलिया गांव की सीमा पर स्थित एक बांसवारी में बांध दिया। वे इन्‍हें वाहन पर लादकर ले जाने की फिराक में थे। इसी बीच सुनील सिंह को रात में कुछ आहट महसूस हुई। दरवाजे पर गए तो भैंस नहीं थी। इसके बाद उन्‍होंने इधर-उधर ढूंढा। बांसवाड़ी में गए तो चोरों ने उनपर हमला कर दिया। चोरों से जूझते हुए सुनील सिंह शोर मचाने लगे। ग्रामीणों के जुटने से पहले चोर वहां से चंपत हो गए।

बोलेरो चालक का पुलिस ने लिया लाइसेंस

थोड़ी देर में काफी लोग मौके पर जमा हो गए। ग्रामीणों का एक दल बोलेरो पर सवार होकर चोरों की खोज में निकल पड़ा। अन्य लोगों ने सभी मवेशियों को सिक्स लेन निर्माण स्थल पर बांध दिया। बोलेरो से चोरों की टोह में गए ग्रामीणों को राजापाकर थाना की पुलिस ने रास्‍ते में रोक दिया। इसके बाद चालक का लाइसेंस ले लिया। इस कारण लोग आगे नहीं जा सके। पुलिस की इस कार्यशैली के विरोध में लोगों ने सड़क जाम कर दिया। इससे वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना पर राजापाकर और बिदुपुर थाना की पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने लोगों को समझाकर जाम हटवाया। बोलेरो चालक का लाइसेंस वापस कर दिया। 

chat bot
आपका साथी