भोजपुर एसपी की अनूठी पहल, शहर की सड़कों से लेकर गलियों तक दौड़ लगा रहे पुलिस के घोड़े

भोजपुर में अपराध पर नियंत्रण के लिए भोजपुर एसपी विनय तिवारी ने अनूठी पहल की है। उनकी पहल पर शहर की सड़कों पर अश्‍वारोही दल ने गश्‍त लगाना शुरू कर दिया है। इससे अपराध नियंत्रण के साथ ही ट्रैफिक नियंत्रण में भी मदद ली जाएगी।

By Vyas ChandraEdited By: Publish:Sun, 01 Aug 2021 06:07 PM (IST) Updated:Sun, 01 Aug 2021 06:07 PM (IST)
भोजपुर एसपी की अनूठी पहल, शहर की सड़कों से लेकर गलियों तक दौड़ लगा रहे पुलिस के घोड़े
शहर में गश्‍त लगाता अश्‍वारोही दल। जागरण

आरा, जागरण संवाददाता। भोजपुर जिले के आरा शहर में अब अश्वारोही सैन्य बल (Cavelary) का दस्ता सड़कों पर गश्त लगाएगा। सैन्य बल का घुड़सवार दस्ता शहर में विधि-व्यवस्था और भीड़ को नियंत्रित करने में अहम भूमिका निभाएगा। भोजपुर के नए एसपी सह एमएमपी के समादेष्टा विनय तिवारी (Bhojpur SP Vinay Tiwari) की पहल के बाद सैन्य बल के घोड़ों की टाप शहर में सुनाई देने लगी है। रविवार को एमएमपी ग्राउंड से निकले अश्वारोही सैन्य बल के घुड़सवार पुलिसकर्मियों ने सिविल सर्जन कोठी मोड़, जज कोठी, पकड़ी, कतीरा, स्टेशन रोड, करमन टोला, नवादा, शिवगंज, जेल रोड और गोपाली चौक आदि इलाकों का भ्रमण कर गश्त लगाया। साथ ही विधि-व्यवस्था को परखा। लोग इस पहल की काफी सराहना कर रहे हैं। बता दें कि वर्तमान में एमएमपी के पास 80 से अधिक घोड़े हैं। इनको अब सक्रिय किया गया है। 

लंबे समय से बाइक व चार पहिया गाड़ी से होती रही है गश्ती

शहर की आबादी की सुरक्षा का भार टाउन व नवादा थाना के कंधों पर है। दिन से रात तक बाइक से क्रास मोबाइल के जवान और बोलेरो तथा जिप्सी से पुलिस पदाधिकारी जवानों के साथ पेट्रोलिंग करते हैं। लेकिन, गाड़ियों से भीड़ को नियंत्रित करने में परेशानी होती है।कई बार तो भीड़ पुलिस के गाड़ियों को भी निशाना बना चुकी है।

लहरिया कट बाइक चलाने वालों पर भी रखी जा सकती है नजर

काफी अंतराल के बाद सिटी की सड़कों पर घुड़सवारी का नजारा शहरवासियों को देखने को मिला है। इस दौरान लहरिया कट से चलने वाले गाड़ियों पर नजर रखी जा सकती है।लहरिया कट बाइक चलाने वालों पर घुड़सवार पुलिस दूर से ही नजर रख सकता है। पूर्व में भी कुछ एसपी ने इस तरी की पहल की थी। क्योंकि, वे एसपी के साथ-साथ एमएमपी के कमांडेंट भी रहे थे। इस बार भी आइपीएस विनय तिवारी जिले के कप्तान के साथ-साथ एमएमपी के समादेष्टा भी हैं।

chat bot
आपका साथी