Bihar Crime: भोजपुर में रिसेप्‍शन में ही चली थी गोली, एक ही गोली से दोनों लड़कियां हुईं थी जख्‍मी

Bihar Crime बिहार के भोजपुर जिला स्थित आरा नगर थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात रिसेप्‍शन से लौटते समय नहीं बल्कि समारोह के दौरान ही गोली चली थी। ऐसा दावा भोजपुर के एसपी ने किया है। उन्‍होंने बताया कि इस मामले में आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है।

By Vyas ChandraEdited By: Publish:Thu, 04 Mar 2021 09:24 AM (IST) Updated:Fri, 05 Mar 2021 02:40 PM (IST)
Bihar Crime: भोजपुर में रिसेप्‍शन में ही चली थी गोली, एक ही गोली से दोनों लड़कियां हुईं थी जख्‍मी
रिसेप्‍शन में ही चली थी गोली। जागरण

भोजपुर, जागरण संवाददाता। भोजपुर जिले के आरा टाउन थाना क्षेत्र के रौजा मुहल्ला इलाके में बुधवार की देर रात दो मौसेरी बहनों को गोली मारे जाने की कहानी उलझी हुई है। स्‍वजनों का कहना है कि रिसेप्‍शन से लौटने के दौरान अपराधियों ने गोली मारी थी। इधर पुलिस का कहना है कि रिसेप्‍शन से लौटते समय नहीं बल्कि समारोह के दौरान ही फायरिंग से दोनों जख्‍मी हुई थीं। स्‍वजनों ने पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया है। इधर घायल मौसेरी बहनों का प्राथमिक उपचार सदर अस्पताल में कराया गया। वहां से डॉक्टर ने दोनों को रेफर कर दिया। जख्मी लड़कियां उत्तर प्रदेश के लोहता गांव (बनारस) निवासी मुबारक अली की 17 वर्षीया पुत्री शमां परवीन एवं उसकी मौसेरी बहन बक्सर जिला के डुमरांव थाना क्षेत्र के नया भोजपुर निवासी सनाउल्लाह की 16 वर्षीया पुत्री अलीशा नाज है। पुलिस ने गुरुवार को एक आरोपित मो. एहसान को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस को गुमराह करने का प्रयास

शुरुआती  पूछताछ में पहले यह बताया गया था कि धरहरा चौकी के समीप रिसेप्शन से लौटने के दौरान अपराधियों ने रुकने के लिए कहा, लेकिन नहीं रुकने पर गोली मार दी। हालांकि, एसपी हर किशोर राय के बयान से इस मामले में नया मोड़ आ गया है। उनके अनुसार घटना लौटते वक्त रास्ते में नहीं हुई, बल्कि रिसेप्शन के दौरान ही गोली चली है। जिसमें एक को पकड़ा गया है। एसपी हरकिशोर राय ने कहा कि लड़कियों के लौटते समय अपराधियों के गोली मारने की बात गलत है। साक्ष्य को मिटाने की नीयत से गलत बयान दिया जा रहा था। उन्होंने कहा कि रिसेप्शन में एक व्यक्ति ने अवैध हथियार से गोलीबारी की थी। एक गोली दोनों लड़कियों को लगी। इस मामले में एहसान को गिरफ्तार किया गया है।

समारोह के दौरान हुई फायरिंग                                       

बताया जाता है कि बुधवार की रात रौजा मुहल्ला स्थित मो. एहसान खान के बेटे सोनू की शादी का रिसेप्शन था। दोनों मौसेरी बहनें उसमें शामिल होने आईं थीं। इस दौरान समारोह के दौरान हथियार बंद तत्वों ने फायरिंग कर दी। गोली लगने से अलीशा नाज और शमां परवीन घायल हो गई। इसके बाद समारोह के दौरान खलबली मच गई। बाद में रात दो बजे के करीब दोनों घायल बहनों को इलाज के लिए सदर अस्पताल के इमरजेंसी में लाया गया। जख्मी अलीशा नाज को दाएं हाथ में कंधे के पास गोली लगी जो आर पार हो गई है। जबकि, शमां परवीन के बाएं हाथ में गोली फंसी हुई थी। 

मामा बोले, रिसेप्शन से लौटने के दौरान मारी गई गोली

इधर, सदर अस्पताल के इमरजेंसी कक्ष में दोनों घायल बहनों के मामा मो. चांद ने बताया था कि दोनों मौसेरी बहनें अपने बाइक से उन्हीं के साथ लौट रहीं थीं। वलीगंज, धरहरा चौकी के समीप नशे में धुत तीन हथियारबंद अपराधी अचानक सामने आ गए। उन्होंने बाइक रोकने को कहा, नहीं रुकने पर फायरिंग कर दी। सूत्रों के अनुसार घायल लड़कियों का पता कभी खेताड़ी मुहल्ला तो कभी रौजा के अलावा बक्सर व बनारस बताया जा रहा है। स्‍वजन बार-बार सच्चाई छिपा रहे हैं।

chat bot
आपका साथी