Bhojpur Crime: फिर तमंचे पर हुआ डिस्‍को, हर्ष फायरिंग में दो बच्चों को लगी गोली, एक की हालत नाजुक

भोजपुर जिले के चरपोखरी थाना क्षेत्र में शुक्रवार की रात आई बरात में नाच के दौरान की गई हर्ष फायरिंग में दो बच्‍चे जख्‍मी हो गए। इनमें से एक की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना से गुस्‍साए लोगों ने एक संदिग्‍ध की पिटाई कर दी।

By Vyas ChandraEdited By: Publish:Sat, 19 Jun 2021 10:20 AM (IST) Updated:Sat, 19 Jun 2021 10:20 AM (IST)
Bhojpur Crime: फिर तमंचे पर हुआ डिस्‍को, हर्ष फायरिंग में दो बच्चों को लगी गोली, एक की हालत नाजुक
गोली लगने से घायल बच्‍चे का अस्‍पताल में हो रहा इलाज। जागरण

आरा, जागरण संवाददाता। भोजपुर जिले के चरपोखरी थाना क्षेत्र के काऊप गांव में शुक्रवार की देर रात बरात में नाच के दौरान हर्ष फायरिंग में दो बच्‍चे गोली लगने से घायल हो गए। इसके बाद आक्रोशित भीड़ ने एक संदिग्ध को पकड़ उसकी जमकर धुनाई कर दी जबकि, दो भाग निकले। फायरिंग में एक बच्‍चे को पेट में जबकिदूसरे  के दायें पैर में जांघ के पास गोली लगी है। दोनों को आनन-फानन में इलाज के लिए  सदर अस्पताल, आरा  लाया गया। प्राथमिक उपचार करने के बाद एक की हालत को चिंताजनक देखते हुए पटना रेफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही चरपोखरी थानाध्यक्ष ओम प्रकाश अपने दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की छानबीन की। फायरिंग में काऊप गांव निवासी सुनील कुमार के दस वर्षीय पुत्र दीपू कुमार एवं  बबन सिंह के नौ वर्षीय पुत्र गुड्डू कुमार को गोली लगी है।  

नारायणपुर से आई थी बारात

घायल गुड्डू कुमार की मां सुनीता देवी ने बताया कि गांव के ही कृष्णा सिंह की पुत्री की बरात जिले के नारायणपुर थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव से आई थी। बरात में नाच प्रोग्राम का कार्यक्रम भी था। काऊप प्राथमिक विद्यालय परिसर में नाच का आयोजन हो रहा था। दोनों बच्चे भी नाच देखने गए थे। इस बीच नाच के दौरान एक  युवक ने  तबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। हर्ष फायरिंग के दौरान दोनों बच्चों को गोली लग गई। इसके बाद वहां मौजूद लोगों ने एक युवक को दबोच लिया। जमकर उसकी पिटाई कर दी। उसे पकड़ने के दौरान गांव के ही गिरजा सिंह के पुत्र हरेंद्र कुमार भी चोटिल हो गए। गोली से जख्मी दोनों बच्‍चों को सदर अस्‍पताल लाया गया। वहां से दीपू कुमार की  चिंताजनक  हालत को देखते हुए पटना रेफर कर दिया गया। गुड्डू कुमार एवं चोटिल हरेन्द्र कुमार का इलाज सदर अस्पताल में कराया जा रहा है।

गुस्साए लोगों ने युवक की जमकर की पिटाई  

फायरिंग व बच्चों के घायल होने से गुस्साए ग्रामीणों ने विकास यादव नामक एक संदिग्ध को पकड़ उसकी जमकर धुनाई कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे भीड़ से छुड़ाया। पुलिस कस्टडी में उसका इलाज चल रहा है। वह चरपोखरी के बडीहा गांव का निवासी बताया जाता है। पहले से पुलिस रिकार्ड में दागी रहा है। मालूम हो कि हर्ष फायरिंग और तमंचे पर डिस्को का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। शादी समारोहों में हथियारों का प्रदर्शन व हर्ष फायरिंग स्टेटस सिंबल बनता जा रहा है।  

chat bot
आपका साथी