मारूफगंज के 11 लाख लूटकांड में दो अपराधी गिरफ्तार

मालसलामी थाना क्षेत्र के मारूफगंज मंडी में छह जुलाई को दिनदहाड़े दाल के थोक कोराबारी को गोली मारकर 11 लाख रुपए लूट मामले में पुलिस ने दो अपराधियों को गिरफ्तार किया।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 13 Jul 2020 08:30 PM (IST) Updated:Mon, 13 Jul 2020 08:30 PM (IST)
मारूफगंज के 11 लाख लूटकांड में दो अपराधी गिरफ्तार
मारूफगंज के 11 लाख लूटकांड में दो अपराधी गिरफ्तार

पटना सिटी । मालसलामी थाना क्षेत्र की मारूफगंज मंडी में छह जुलाई को दिनदहाड़े दाल के थोक कोराबारी को गोली मारकर 11 लाख रुपये लूट के मामले में पुलिस ने दो अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार अपराधियों के पास से पुलिस ने दो लाख 72 हजार रुपये, लूट में इस्तेमाल बाइक, काला बैग समेत अन्य सामान बरामद किया। लूटकांड में शामिल चार अन्य लुटेरों की खोज में पुलिस छापेमारी कर रही है।

पूर्वी एसपी जीतेंद्र कुमार ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज में दिखी सफेद रंग की अपाचे बाइक संख्या बीआर01 ईई 7312 की खोजबीन शुरू की गई। खोजबीन के दौरान पुलिस ने नदी थाना क्षेत्र के सबलपुर फतेहजामपुर निवासी दीवाली सहनी के बेटे अरुण कुमार को गिरफ्तार किया। उसके घर से लूट में प्रयुक्त बाइक बरामद की गई। बाइक उसकी मां के नाम से है।

गिरफ्तार के बयान पर इसी थाना क्षेत्र के सबलपुर निवासी मनोज कुमार गुप्ता के पुत्र नीरज कुमार को गिरफ्तार किया गया। अपराधियों के पास से लूट के 2.72 लाख रुपये, घटना के समय पहनी गई नीली शर्ट, लूट की रकम ले जाने में इस्तेमाल काला बैग बरामद किया गया। दोनों के खिलाफ आधा दर्जन थानों में कांड दर्ज हैं।

थानाध्यक्ष सुदामा सिंह की माने तो अपराधी लॉकडाउन के कारण शहर नहीं छोड़ सके। अपराधियों ने पूछताछ में बताया कि लूट के बाद पांच साथियों ने रास्ते में बाइक और कपड़ों को बदल लिया। इस कारण 100 से अधिक सीसीटीवी फुटेज से खोजबीन में परेशानी हुई। पुलिस ने वैज्ञानिक पद्धति से जांच कर सुराग खोजा। दिनदहाड़े हुए लूटकांड के बाद एसएसपी उपेंद्र शर्मा ने अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पूर्वी एसपी जीतेंद्र कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया था। मालसलामी, बाईपास, आलमगंज तथा दीदारगंज के थानाध्यक्षों को लुटेरों की खोज की जिम्मेदारी दी गई।

chat bot
आपका साथी