Lok Sabha Election Phase II Voting: पूर्णिया में देखते बन रहा था लड़कियों का उत्‍साह

लोकसभा चुनाव के दूसरे चरण में बिहार के पूर्णिया में वोटिंग हुई। लोकतंत्र के इस महापर्व में लोगों ने बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया।

By Rajesh ThakurEdited By: Publish:Thu, 18 Apr 2019 10:10 PM (IST) Updated:Thu, 18 Apr 2019 10:10 PM (IST)
Lok Sabha Election Phase II Voting: पूर्णिया में देखते बन रहा था लड़कियों का उत्‍साह
Lok Sabha Election Phase II Voting: पूर्णिया में देखते बन रहा था लड़कियों का उत्‍साह

पूर्णिया, जेएनएन।  लोकसभा चुनाव गुरुवार को शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गया। लोकतंत्र के इस महापर्व में लोगों ने बढ़-चढ़ कर हिस्सा लिया। वोट डालने के लिए सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतार लग गई थी। इसमें महिला मतदाताओं की संख्या अधिक थी। 

महिलाएं समूह में मतदान केंद्रों पर पहुंच रही थीं। मतदान को लेकर नये मतदाताओं में भी उत्साह रहा। मीडिया के कैमरे के सामने भी उनलोगों ने बिना किसी संकोच के स्याही लगी अंगुली दिखाकर खुशी का इजहार किया। लड़कियां काफी उत्साहित नजर आईं। शहर के कला भवन, मधुबनी, डीईओ कार्यालय समेत अन्य मतदान केंद्रों पर पहली बार वोट गिराने आई पूजा, निशा, चंदा, कोमल, मोना, सौरभ, साकेत आदि ने बताया कि वोट डालकर काफी अच्छा लगा। इस दिन का इंतजार काफी वर्षों से था। इस बार हमलाेगों की तमन्ना पूरी हुई है।

शहरी क्षेत्र के अधिकांश केंद्रों पर 60 प्रतिशत से अधिक मतदान हुआ। मतदान केंद्रों पर वोट डालने के लिए कंपार्टमेंट की व्यवस्था की गई थी। शहरी क्षेत्र के 148 केंद्रों पर महिला मतदान कर्मी पूरी मुस्तैदी के साथ मतदान का संचालन करा रही थीं। शुरुआत में कई केंद्रों से ईवीएम और वीवीपैट के काम नहीं करने की सूचना जिला नियंत्रण कक्ष को आ रही थी, लेकिन नियंत्रण कक्ष से इसके त्वरित समाधान के बाद हालात धीरे-धीरे सामान्य होने लगा। दिन के 11 बजे के बाद गड़बड़ी या फिर काम नहीं करने की शिकायत काफी कम हो गई। जिले में शाम छह बजे तक लगभग 63 प्रतिशत मतदान हुआ।

शुरुआत में मतदान का प्रतिशत काफी कम रहा, लेकिन धीरे-धीरे यह बढ़ता गया। मॉडल मतदान केंद्र पर मतदाताओं के लिए पंडाल, कुर्सी, पेयजल, रोशनी आदि की व्यवस्था की गई थी। लगभग सभी मतदान केंद्रों पर रैंप की भी व्यवस्था थी। कड़ी सुरक्षा-व्यवस्था के बीच लोगों ने वोट डाले। सभी केंद्रों पर पारा मिलिट्री फोर्स की तैनाती थी। जिले के मतदान केंद्रों पर जिला नियंत्रण कक्ष से नजर रखी जा रही थी। वहां मतदान केंद्र से जो भी शिकायत आ रही थी, उसका त्वरित निष्पादन हो रहा था। वहां प्रति घंटे मतदान का प्रतिशत भी लिया जा रहा था। 

chat bot
आपका साथी