पटना में खुल गए ईको पार्क से च‍िड़‍ियाघर तक के दरवाजे, बुद्ध स्‍मृति पार्क व तारामंडल भी कर रहे इंतजार

Tourist Spots in Patna पटना आने वाले लोग अब चिड़‍ियाघर सभी पार्क गोलघर बिहार म्यूजियम तारामंडल और सभ्यता द्वार जैसे भ्रमण स्थलों पर सैर कर सकते हैं। इसी तरह हनुमान मंदिर पटना सिटी स्थित तख्‍त श्रीहरिमंदिर साहिब बड़ी पटनदेवी और छोटी पटनदेवी के मंदिर भी खुल गए हैं।

By Shubh Narayan PathakEdited By: Publish:Sat, 04 Sep 2021 12:56 PM (IST) Updated:Sat, 04 Sep 2021 12:56 PM (IST)
पटना में खुल गए ईको पार्क से च‍िड़‍ियाघर तक के दरवाजे, बुद्ध स्‍मृति पार्क व तारामंडल भी कर रहे इंतजार
पटना के ईको पार्क की झील में बोटिंग का आनंद लेते लोग। जागरण आर्काइव

पटना, जागरण संवाददाता। Tourism in Bihar: कोविड संक्रमण (Covid Infection) की दूसरी लहर के शांत होने के बाद बिहार सरकार (Bihar Government) ने बाजार और सार्वजनिक स्‍थलों को खोलने की इजाजत दे दी है। इसका फायदा पर्यटन के महत्‍व वाले स्‍थलों को भी खोले जाने के तौर पर हुआ है। पटना (Tourist Spot in Patna) में घूमने के ठिकाने भी अब खुल गए हैं। पटना आने वाले लोग अब चिड़‍ियाघर, पटना पार्क प्रमंडल के सभी पार्क, गोलघर, बिहार म्यूजियम, तारामंडल और सभ्यता द्वार जैसे भ्रमण स्थलों पर पहले की तरह दिनभर सैर कर सकते हैं। इसी तरह पटना जंक्‍शन स्थित हनुमान मंदिर, पटना सिटी स्थित तख्‍त श्रीहरिमंदिर साहिब, बड़ी पटनदेवी और छोटी पटनदेवी के मंदिर भी खुल गए हैं। इन जगहों पर भ्रमण करने वाले सैलानियों और मंदिरों में श्रद्धालुओं को कोरोना प्रोटोकाल का पालन करना होगा। सार्वजनिक स्‍थलों पर बिना मास्क और हैंड सैनिटाइजेशन के प्रवेश की अनुमति नहीं होगी।

सुबह 10 से पांच बजे तक करें गोलघर का दीदार

गोलघर का दीदार सुबह 10 बजे से शाम के पांच बजे तक कर सकते हैं। इसके लिए प्रवेश शुल्क 10 रुपया रखा गया है। सोमवार को छोड़कर सप्ताह के सभी दिन गोलघर का दीदार कर सकते हैं। सीढ़ियों की मरम्मत की वजह से गोलघर पर चढ़ने की अनुमति नहीं है, लेकिन यहां आने वाले सैलानी परिसर में बने पार्क में फुर्सत के कुछ पल गुजार सकते हैं। बच्चों के लिए इस पार्क में झूले भी लगे हुए हैं।

थ्रीडी शो के साथ जानवरों की दुनिया का दीदार

पटना जू में सुबह 6:00 बजे से लेकर शाम के पांच बजे तक सैर कर सकते हैं। सुबह 8:30 बजे से जानवरों का दीदार भी किया जा सकता है। जानवरों के दीदार के साथ दर्शक यहां मुफ्त में टूडी और थ्रीडी शो का भी आनंद ले सकते हैं। थ्रीडी शो में जलीय जीवों पर आधारित फिल्म दिखाई जाती है। इसके साथ ही आप यहां के झील में बोटिंग का भी लुत्‍फ उठा सकते हैं। जू में प्रवेश के लिए वयस्कों को 30 रुपए जबकि बच्चों को 10 रुपए का टिकट लेना होता है। दर्शक घर बैठे भी जू की वेबसाइट www.zoopatna.com पर से आनलाइन टिकट ले सकते हैं।

तारामंडल में देखें अंतरिक्ष की दुनिया

इनकम टैक्स स्थित तारामंडल में दर्शक अंतरिक्ष की दुनिया देख सकते हैं। दर्शकों को यहां तारों का इतिहास, उसकी उत्पत्ति, सभी ग्रहों की जानकारी, आकाश गंगा आदि चीजों के बारे में दिखाया जाता है। सोमवार को छोड़कर सप्ताह के सभी दिन यहां पर दोपहर 12:30 बजे से शाम के 5:00 बजे तक शो देख सकते हैं। यहां रोज चार शो का संचालन किया जाता है। पहला शो 12:30 बजे, दूसरा शो 2:00 बजे, तीसरा शो 3:30 बजे जबकि चौथा शो पांच बजे से चलाया जाता है। दर्शक 50 रुपये का टिकट लेकर शो देख सकते हैं।

राजधानी के पार्कों की करें सैर

इको पार्क, नवीन सिन्हा पार्क, पुनाइचक पार्क, शहीद वीर कुंवर सिंह आजादी पार्क समेत पटना पार्क प्रमंडल के सभी पार्कों का दर्शक सैर कर सकते हैं। सुबह 5:30 बजे से लेकर शाम के 7:00 बजे तक पार्क की सैर कर सकते हैं। राजधानी के विभिन्न पार्कों में ओपन जिम की भी व्यवस्था की गई है। जहां दर्शक निर्धारित शुल्क देकर एक्सरसाइज कर सकते हैं। इको पार्क में बोटिंग का भी आनंद ले सकते हैं।

बुद्ध स्मृति पार्क में भगवान बुद्ध के स्तूप का करें दर्शन

फ्रेजर रोड स्थित बुद्ध स्मृति पार्क में पार्क की सैर के साथ आप यहां पर भगवान बुद्ध के स्तूप का दर्शन, लाइब्रेरी, लेजर शो का आनंद ले सकते हैं। सुबह 9:00 बजे से लेकर शाम सात बजे तक यहां पर सैर कर सकते हैं। पार्क में प्रवेश के लिए दर्शकों को 20 रुपया का टिकट लेना पड़ता है। स्तूप के दर्शन और लाइब्रेरी के लिए अलग से टिकट लेने होते हैं। दर्शकों को प्रवेश टिकट पर ही शाम में 7:00 बजे से 7:30 बजे तक लेजर शो दिखाया जाता है। लेजर शो में बिहार के इतिहास के बारे में दिखाया जाता है।

chat bot
आपका साथी