ब्रेक-अप का बदला लेने को Ex गर्लफ्रेंड की E-MAIL को बनाया हथियार, जानें कैसे

पटना में ब्रेकअप के बाद बदला लेना का एक अनोखा मामला सामने आया है। प्रेमिका से रिश्ता खत्म होने पर प्रेमी उसकी मेल आइडी इस्तेमाल करने लगा। जानें फिर क्या-क्या किया उसने।

By Akshay PandeyEdited By: Publish:Fri, 26 Apr 2019 09:54 AM (IST) Updated:Fri, 26 Apr 2019 07:58 PM (IST)
ब्रेक-अप का बदला लेने को Ex गर्लफ्रेंड की E-MAIL को बनाया हथियार, जानें कैसे
ब्रेक-अप का बदला लेने को Ex गर्लफ्रेंड की E-MAIL को बनाया हथियार, जानें कैसे
पटना [अंकिता भारद्वाज]ब्रेकअप होने के बाद आपने जीने-मरने के बातें सुनी होंगी। ब्रेकअप के बाद बदला लेने की वारदातें भी देखीं और पढ़ी होंगी। लेकिन पटना में प्रेमिका पर शक के बाद रिश्ता खत्म होने पर बदला लेने का एक अनोखा मामला सामने आया है। लड़की ने महिला हेल्पलाइन में पूर्व प्रेमी के खिलाफ इसकी शिकायत दर्ज कराई है।
ये है मामला
पटना के बोरिंग रोड की रहने वाली लड़की की छपरा के लड़के से फेसबुक पर दोस्ती हुई। दोस्ती गहरी हुई तो ई-मेल आइडी और फेसबुक पासवर्ड का भी आदान-प्रदान हुआ। बाद में लड़की ने ब्रेकअप कर लिया। इसके बाद लड़के ने लड़की से बदला लेने के लिए उसके ई-मेल आइडी का इस्तेमाल किया। वह लड़की के ई-मेल आइडी का इस्तेमाल कर पहले ही रेलवे और एसएससी की परीक्षा का फॉर्म भर देता। बाद में जब लड़की अपने ई-मेल आइडी से फॉर्म भरने की कोशिश करती तो असफल हो जाती। बार-बार ऐसा होने से आजिज आकर अब लड़की ने महिला हेल्पलाइन से शिकायत की है।
ऑनलाइन रहने पर करता था शक
पीड़ित लड़की ने महिला हेल्पलाइन की पदधिकारी को बताया कि डेढ़ साल पहले छपरा के मनोज से उसकी फेसबुक पर दोस्ती हुई थी। रोज-रोज की चैटिंग के बाद दोनों एक दूसरे को पसंद करने लगे। लड़की के ऑनलाइन रहने पर मनोज उसपर शक करने लगा। लड़की को बार-बार सफाई देनी पड़ती थी।
इसके बाद लड़की ने विश्वास दिलाने के लिए अपने ई-मेल आइडी और फेसबुक का पासवर्ड लड़के को बता दिया। करीब डेढ़ साल की दोस्ती के बाद दोनों ने ब्रेकअप कर लिया। इसके बाद भी लड़का बार-बार लड़की के सामने प्यार का प्रस्ताव रखता रहा। लड़की बार-बार इसे ठुकराती रही और उससे दूरी बनाने लगी।
बदला लेने के लिए लड़की के कॅरियर से खिलवाड़
कुछ माह बाद दोनों के बीच बातचीत बंद हो गई। लड़की को लगा कि सब कुछ अब सही है। लेकिन उसे क्या पता लड़का उससे बदला लेने के लिए उसके कॅरियर के साथ ही खिलवाड़ करना शुरू कर दिया है। दरअसल, लड़की यह भूल गई थी कि उसके ई-मेल का पासवर्ड उस लड़के के पास है।
लड़का लड़की से बदला लेने के लिए हर प्रतियोगी परीक्षा का फॉर्म अपने नाम पर भरने लगा, लेकिन कॉलम में लड़की का ई-मेल आइडी सहित अन्य जानकारी अपलोड कर देता था। ऐसे में जब भी लड़की किसी प्रतियोगी परीक्षा के आवेदन भरने का प्रयास करती, उसका प्रयास असफल हो जाता। तीन बार रेलवे की परीक्षा छूटने पर लड़की ने हेल्पलाइन की मदद ली।
 पहली बार सामने आया है एेसा मामला
हेल्पलाइन प्रोजेक्ट मैनेजर प्रमिला कुमारी ने कहा कि इस तरह का मामला पहली बार आया है, जब कोई लड़का किसी लड़की से बदला देने के लिए उसके कॅरियर के साथ खिलवाड़ कर रहा है। हमारी कोशिश है कि लड़के को समझा बुझाकर मामला खत्म किया जाए।
भूल कर भी न करें ये गलती
- किसी भी दोस्त के साथ पासवर्ड शेयर नहीं करें।
- अज्ञात व्यक्ति से प्राप्त मित्र अनुरोध को स्वीकार नहीं करें।
- हमेशा पासवर्ड मजबूत रखें। समय-समय पर इसे बदलते रहें।
- किसी अन्य के कम्प्यूटर या मोबाइल से यथासंभव लॉग-इन नहीं करें।
chat bot
आपका साथी