नववर्ष का जश्न मनाने चिड़ियाघर में 29 तो राजधानी वाटिका में पहुंचे 35 हजार लोग

हल्की खिली धूप के बीच नववर्ष का जश्न दोगुना हो गया।

By JagranEdited By: Publish:Thu, 02 Jan 2020 01:31 AM (IST) Updated:Thu, 02 Jan 2020 01:31 AM (IST)
नववर्ष का जश्न मनाने चिड़ियाघर में 29 तो राजधानी वाटिका में पहुंचे 35 हजार लोग
नववर्ष का जश्न मनाने चिड़ियाघर में 29 तो राजधानी वाटिका में पहुंचे 35 हजार लोग

पटना। हल्की खिली धूप के बीच नववर्ष का जश्न दोगुना हो गया। संजय गांधी जैविक उद्यान (चिड़ियाघर) में 29 हजार तो राजधानी वाटिका के तीनों पार्क में 35 हजार 117 लोग पहुंचे। गांधी मैदान में भी हजारों लोग जश्न मनाने पहुंचे थे। इसके साथ मोहल्लों के पार्क भी गुलजार रहे।

चिड़ियाघर के गेट संख्या एक पर कतार लगी रही। प्रवेश करने के लिए काफी इंतजार करना पड़ा। वन्य प्राणियों के केजों के पास कर्मचारी तैनात थे। पुलिस बलों की जगह-जगह तैनाती की गई थी। उद्यान निदेशक अमित कुमार, रेंज ऑफिसर आनंद कुमार, राजेश कुमार, चिकित्सक डॉ. समरेंद्र, आरके पांडेय सहित सभी अधिकारी और कर्मचारी चौकस रहे।

भीड़ के कारण शेर पूंछ बंदर व बाघ को केज में नहीं रखा गया। सिर्फ नर्सरी में ही दिखा। दर्शकों के शोर के कारण चिम्पैंजी को नाइट हाउस में बंद कर दिया गया। तेंदुआ व चेन्नई से आया हिमालयन भालू दर्शकों के आकर्षण का केंद्र बना रहा। दर्शकों की शोर से गेंडा भी परेशान हो गया। यहां सबसे अधिक भीड़ थी। भालू काफी उछल-कूद कर रहा था। राजधानी वाटिका में बनाए गए थे अतिरिक्त गेट:

राजधानी वाटिका में बुधवार को छह गेट से प्रवेश कराया गया। दो अतिरिक्त गेट बनाए गए थे। वाटिका का मैदान दर्शकों से खचाखच भरा था। वाटिका एक में तीन गेटों से प्रवेश दी गई। बड़ी संख्या में लोग घर से बना हुआ भोजन लेकर पहुंचे थे। बच्चे खेल रहे थे। यहां फव्वारा आकर्षण का केंद्र बना रहा। वाटिका के नवनिर्मित पार्क से दर्शकों के आने की तदाद कम रही। यहां वाहन पार्किंग स्थल भी बनाया गया था। राजधानी वाटिका में वन संरक्षक गोपाल सिंह ने तैयारियों का जायजा लिया। पार्क डिवीजन के डीएफओ शशिकांत भीड़ की निगरानी करते रहे। शिवाजी पार्क में 12 हजार से अधिक लोग पहुंचे:

कंकड़बाग के शिवाजी पार्क में 12588 लोग नववर्ष के प्रथम दिन पहुंचे। वीरकुंवर सिंह आजादी पार्क में 5760 लोग ही पहुंचे। शिवाजी पार्क छोटा पार्क है। एसकेपुरी पार्क में 3216, कुणाल पार्क में 3306, एमआईजी पार्क में 1138, एसके नगर पार्क में 1462 के अलावा शहर के सभी पार्को में लोग पहुंचे। पांच हजार पर्यटक पहुंचे गोलघर:

ऐतिहासिक पर्यटन स्थल गोलघर में पांच हजार पर्यटक जश्न मनाने पहुंचे। गुंबद के अंदर लेजर का छह शो हाउसफुल रहा। लोग चाहते हुए भी शो का आनंद नहीं ले सके। एक शो 25 पर्यटकों के लिए है। गोलघर गुंबद के ऊपर भी कई लोग चढ़ नहीं पाए।

chat bot
आपका साथी