सिपाही की पिटाई कर सिविल कोर्ट से फरार हुए तीन चोर

पटना सिविल कोर्ट में बुधवार को सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देकर फुलवारीशरीफ जेल से पेशी को ला एगए तीन चोर फरार हो गए।

By JagranEdited By: Publish:Wed, 23 Oct 2019 07:44 PM (IST) Updated:Wed, 23 Oct 2019 07:44 PM (IST)
सिपाही की पिटाई कर सिविल कोर्ट से फरार हुए तीन चोर
सिपाही की पिटाई कर सिविल कोर्ट से फरार हुए तीन चोर

पटना। पटना सिविल कोर्ट में बुधवार को सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देकर फुलवारीशरीफ जेल से लाए गए तीन चोर सिपाही मोतीचंद चौधरी (डीपीसी 613) की पिटाई कर फरार हो गए। आरोपितों की पहचान रोहित कुमार (पानी टंकी, कदमकुआं), मो. इमरान उर्फ बादशाह (चमरू पासी गली, बाकरगंज, पीरबहोर) और मो. शहाबुद्दीन उर्फ भोला (नया टोला, नहर के पूरब, फुलवारीशरीफ) के रूप में हुई है। घटना के बाद सिपाही ने शोर मचाकर साथी पुलिसकर्मियों को बुलाया, लेकिन तब तक आरोपित गंगा की तरफ कूदकर फरार हो चुके थे। पीरबहोर थानाध्यक्ष मो. रिजवान अहमद ने बताया कि आरोपितों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।

: बाइक चोरी के आरोप में जेल गए थे रोहित और बादशाह :

रोहित और बादशाह को पीरबहोर थाने की पुलिस ने बाइक चोरी के आरोप में जेल भेजा था। इनकी पेशी मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी की अदालत में होनी थी। वे 27 मई को जेल गए थे। बादशाह पर पीरबहोर थाने में पहले से एक और प्राथमिकी दर्ज है। वहीं, भोला को फुलवारीशरीफथाने की पुलिस ने एक जुलाई को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। उसपर फुलवारीशरीफ, पीरबहोर, रामकृष्ण नगर, कोतवाली और पाटलिपुत्र में चोरी के मामले दर्ज हैं। सेशन जज, सब जज 9, एसीजेएम 3, मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी और सब जज 12 की अदालतों में भोला की पेशी करानी थी।

सिपाही को नहीं पता था अदालत कहां है?

रोहित, बादशाह और भोला को कैदी वाहन से सिविल कोर्ट लाया गया। इसके बाद उन्हें कोर्ट हवालात में रखा गया। वहां से सिपाही मोतीचंद उन्हें एक साथ हथकड़ी लगाकर कोर्ट में पेश कराने के लिए लेकर जा रहा था। सूत्र बताते हैं कि सिपाही को कौन सी अदालत कहां लगती है, इसके बारे में पता ही नहीं था। भोला ने सिपाही को बताया कि सिविल सर्जन के पुराने ऑफिस में सब जज 12 की अदालत है। वहीं उसकी पेशी होनी है। सिपाही उसे लेकर जाने लगा। तभी कार्यालय से पहले एस्बेस्टस के घेरे के पास तीनों चोर पेशाब करने के लिए रुक गए। घेरे के अंदर प्रवेश करते ही उन्होंने सिपाही के मुंह पर जोर से मुक्का मारा और हथकड़ी सरकाकर गंगा की तरफ भाग निकले।

- - - - - - - -

chat bot
आपका साथी