आरा में तीन लाख लोगों ने नहीं ली कोरोना वैक्सीन की दूसरी डोज, दूसरी खुराक लेने वालों को मिल सकता है इनाम

कोरोना महामारी की रोकथाम को लेकर सूबे में लगातार टीकाकरण अभियान पर जोर दिया जा रहा है। आरा में करीब तीन लाख लोगों ने कोरोना वैक्सीन की दूसरी खुराक नहीं ली है। 26 नवंबर से तीन दिसंबर के बीच टीका की दूसरी डोज लेने वाले को इनाम मिल सकता है।

By Rahul KumarEdited By: Publish:Thu, 02 Dec 2021 05:02 PM (IST) Updated:Thu, 02 Dec 2021 05:02 PM (IST)
आरा में तीन लाख लोगों ने नहीं ली कोरोना वैक्सीन की दूसरी डोज, दूसरी खुराक लेने वालों को मिल सकता है इनाम
आरा में करीब तीन लाख लोगों ने नहीं ली कोरोना की दूसरी खुराक। सांकेतिक तस्वीर

 आरा, जागरण संवाददाता।  भोजपुर जिले में कोविड टीका की दूसरी डोज से वंचित 3,08,411 लोगों का पहला ड्यू लिस्ट जारी किया गया है, जिसमें 170 हेल्थ वर्कर, 716 फ्रंट लाइन वर्कर एवं 3,07,525 सामान्य नागरिक शामिल हैं। दूसरा डोज नहीं लेने वाले अगर शुक्रवार टीका लगवा लेते हैं तो उनके नाम किस्मत का पिटारा खुल सकता है। दरअसल, टीकाकरण के लिए इन्हें प्रोत्साहित करने के लिए इन दिनों एक पुरस्कार योजना भी चलाई जा रही है, जिसका पहला लकी ड्रा शनिवार को होगा। 

दूसरी खुराक लेने वालों के मिल सकता है इनाम

इस योजना का लाभ 26 नवंबर से तीन दिसंबर के बीच टीका की दूसरी डोज लेने वाले लाभार्थी ले सकते हैं। जिलाधिकारी ने इस अभियान के तहत लोगों को जागरूक करने के लिए आंगनबाड़ी सेविका, सहायिका एवं एएनएम को विशेष निर्देश जारी किया है। कोविड टीका की दूसरी डोज लेने से वंचित रह गए लोगों के लिए स्वास्थ्य विभाग ने पुरस्कार देने की योजना बनाई है। इस आशय से संबंधित एक पत्र जिला प्रतिरक्षण पदाधिकारी ने सभी प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारियों के नाम पहले ही जारी किया है। जारी किए गए पत्र के मुताबिक दूसरी डोज लेने की निर्धारित तिथि के बाद एक सप्ताह के अंदर टीका लेने वालों की एक सूची बनाई जानी है। लकी ड्रा निकालकर सूची से चयनित लाभार्थियों को पुरस्कृत किया जाएगा। इसके लिए 26 नवंबर, तीन दिसंबर, 10 दिसंबर, 17 दिसंबर एवं 24 दिसंबर को प्रखंडवार दूसरी डोज का ड्यू लिस्ट जारी किया जाएगा। ड्यू लिस्ट जारी होने के बाद सात दिनों के अंदर टीका लेने वालों का नाम व पता विभाग के पोर्टल पर अंकित किया जाएगा। 26 नवंबर को जारी ड्यू लिस्ट के तहत टीका लेने वाले लाभार्थियों का चयन लकी ड्रा के आधार पर चार दिसंबर को किया जाएगा एवं उन्हें अगले शनिवार तक उपहार उपलब्ध करा दिया जाएगा। लकी ड्रा में पुरस्कार के लिए 11 लोगों का चयन किया जाएगा, जिसमें 10 सांत्वाना पुरस्कार तथा एक बंपर पुरस्कार दिया जाएगा। इसी प्रकार प्रत्येक सप्ताह निर्धारित तिथि पर यह प्रक्रिया अपनाई जाएगी।

प्रखंडों में दूसरी डोज से वंचित लोगों की पहली सूची

प्रखंड का नाम  हेल्थ वर्कर फ्रंट लाइनर   सामान्य       टोटल

अगिआंव          00         14          118852         11866

आरा ग्रामीण     04        101         18010          18115

आरा शहरी       55         166         67791         68012

बड़हरा            01         23          20094         20118

बिहिया            09         47           18191      18247

चरपोखरी        12          39          9627         9678

गड़हनी           05          59          7624         7688

जगदीशपुर       13         33          27298     27344 

कोईलवर        04          54          17844     17902

पीरो             15           40          18954     19009

सहार            07           21          17221     17249

संदेश            00           48         13799    13847

शाहपुर          09            25        22861     22895 

तरारी           01            15         17615     17631

उदवंतनगर     35            31        18744    18810

टोटल         170           716       307525   308411

chat bot
आपका साथी