दानापुर में एक अपार्टमेंट के तीन फ्लैटों का ताला काटकर चोरी

थाना क्षेत्र के विजय सिंह यादव पथ स्थित एक अपार्टमेंट के बंद तीन फ्लैटों को चोरों ने निशाना बनाया।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 15 Nov 2021 01:30 AM (IST) Updated:Mon, 15 Nov 2021 01:30 AM (IST)
दानापुर में एक अपार्टमेंट के तीन फ्लैटों का ताला काटकर चोरी
दानापुर में एक अपार्टमेंट के तीन फ्लैटों का ताला काटकर चोरी

दानापुर : थाना क्षेत्र के विजय सिंह यादव पथ स्थित एक अपार्टमेंट के बंद तीन फ्लैटों को चोरों ने निशाना बनाया। बंद फ्लैट से चोरों ताला तोड़कर नकदी और जेवर चोरी कर ली। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस सीसीटीवी फुटेज से बदमाशों की तलाश में जुटी रही।

जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के विजय सिंह यादव पथ स्थित गीताधाम अपार्टमेंट के गार्ड रविवार की सुबह करीब 11 बजे अपार्टमेंट के फ्लैट को देखने गया तो पाया कि फ्लैट नंबर 102, 402, 403 का ताला टूटा है। इसके बाद उसने लोगों को जानकारी दी। गार्ड चंद्रदेव सिंह ने बताया कि सुबह अपार्टमेंट के उपर छानबीन करने पहुंचा तो तीन फ्लैट के ताले टूटे मिले। इसकी सूचना आसपास के लोगो को देते हुए पुलिस को दी। तीनों फ्लैट में रहने वाले लोग छठ व्रत में गांव गए हुए थे।

फ्लैट नंबर 102 में रहने वाले रितेश सिंह निजी कंपनी में कार्यरत हैं। छठ को लेकर वे स्वजनों के साथ बिक्रमगंज गए हुए थे। उनके बंद फ्लैट का ताला तोड़ चोरों ने निशाना बनाया। फ्लैट संख्या 402 निवासी सेवानिवृत्त प्रो मदन मोहन झा भी छठ में अपने गांव अरवल गए हुए थे। फ्लैट संख्या 403 निवासी प्रो. कल्याण झा मुजफ्फरपुर में पदस्थापित हैं। लोगों की मानें तो पत्नी की मौत के बाद कई दिनों से इनका फ्लैट बंद था। चोरों ने तीनों फ्लैट से नकदी और जेवर व अन्य सामान चोरी कर ली। तीनों फ्लैट में रहने वाले लोगों को घटना की जानकारी दी गई। उनके आने के बाद ही चोरी का सही आंकलन किया जा सकेगा। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरे को भी खंगाल रही है। लोगों ने बताया कि इस इलाके में पुलिस गश्ती नहीं दिखती है। इस कारण चोरी की घटना बढ़ी है।

chat bot
आपका साथी