बिहार लोजपा अध्यक्ष प्रिंसराज से एक करोड़ रुपये मांग रही थी युवती, सांसद ने दे दिए थे ढाई लाख

बिहार लोजपा अध्यक्ष प्रिंसराज की परेशानी बढ़ गई है। समस्तीपुर सांसद के खिलाफ युवती ने दुष्कर्म का आरोप लगाया है। प्रिंस ने पैसे मांगने को लेकर पहले ही मुकदमा दर्ज करा रखा है। इसलिए पहले उसके आरोप की जांच की जाएगी।

By Akshay PandeyEdited By: Publish:Tue, 14 Sep 2021 06:47 PM (IST) Updated:Tue, 14 Sep 2021 06:47 PM (IST)
बिहार लोजपा अध्यक्ष प्रिंसराज से एक करोड़ रुपये मांग रही थी युवती, सांसद ने दे दिए थे ढाई लाख
समस्तीपुर के लोजपा सांसद प्रिंसराज। जागरण आर्काइव।

राज्य ब्यूरो, पटना: लोजपा (पारस गुट) के प्रदेश अध्यक्ष एवं समस्तीपुर के सांसद प्रिंस राज पर एक 30 वर्षीय युवती ने दुष्कर्म का आरोप लगाया है। दिल्ली स्थित कनाट प्लेस थाने में युवती ने शिकायत की है। हालांकि अभी प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि शिकायत करने वाली युवती के खिलाफ प्रिंस राज ने पैसे मांगने को लेकर पहले ही मुकदमा दर्ज करा रखा है। इसलिए पहले उसके आरोप की जांच की जाएगी। आरोप सही पाए जाने पर ही प्राथमिकी दर्ज होगी। पारस गुट का कहना है कि युवती झूठे आरोप लगा रही। वहीं चिराग गुट ने कहा कि चिराग पासवान पर किसी ने धमकी देने का कोई आरोप नहीं लगाया है। बहरहाल लोक अभियोजक (सरकारी वकील) से कानूनी राय ली जा रही है। उस आधार पर ही आगे की कार्रवाई होगी। 

मिली जानकारी के मुताबिक, सन् 2019 में लोकसभा चुनाव के दौरान युवती लोजपा से जुड़ी थी। इंटरनेट मीडिया के जरिये ही प्रिंस से उसका परिचय हुआ था। युवती ने आरोप लगाया है कि 2020 के मार्च में प्रिंस ने उसे वेस्टर्न कोर्ट में बुलाया। नशीला पदार्थ पिलाकर उसके साथ पहली बार दुष्कर्म किया। उसके बाद उन्होंने कई बार दुष्कर्म किया।

पैसों के लिए बना रही थी बार-बार दबाव

कनाट प्लेस थाने की पुलिस का कहना है कि युवती काफी समय से प्रिंस को ब्लैकमेल कर रही थी। वह उनसे एक करोड़ रुपये मांग रही थी। प्रिंस ने करीब ढाई लाख दे भी दिए। पैसे के लिए बार-बार दबाव बनाने पर चार महीने पहले पार्लियामेंट रोड स्थित थाने में प्रिंस ने युवती के खिलाफ केस दर्ज कराया था।

चार वर्षों से है रिलेशनशिप में, हनी ट्रैप के धंधे में शामिल

लोजपा (पारस गुट) के राष्ट्रीय प्रवक्ता श्रवण अग्रवाल ने बताया कि युवती झूठे आरोप लगा रही। 10 फरवरी को मंगेतर अमर सहित उस युवती के खिलाफ ब्लैकमेल करने की प्राथमिकी दर्ज हुई है। पुलिस तफ्तीश कर रही है। सच्चाई सामने आ जाएगी। श्रवण के मुताबिक चार वर्षों से युवती और अमर लिव इन रिलेशनशिप में हैं। वे हनी ट्रैप के धंधे में संलिप्त हैं। इधर, लोजपा (चिराग गुट) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी का कहना है कि हमारे नेता चिराग पासवान पर किसी ने धमकी देने का कोई आरोप नहीं लगाया है।

chat bot
आपका साथी