घर पहुंचे भाइयों को ससुरालवालों ने नहीं बांधने दी राखी, पटना में आहत महिला ने उठा लिया यह कदम

पुलिस ने पति ससुर और सास को किया गिरफ्तार ससुराल वाले अरवल की सोनी पर और दहेज लाने का बनाते थे दबाव। घर आए भाइयों को राखी नहीं बांध पाने की वजह से काफी आहत थी सोनी। पुलिस कर रही जांच।

By Vyas ChandraEdited By: Publish:Tue, 24 Aug 2021 07:04 AM (IST) Updated:Tue, 24 Aug 2021 07:04 AM (IST)
घर पहुंचे भाइयों को ससुरालवालों ने नहीं बांधने दी राखी, पटना में आहत महिला ने उठा लिया यह कदम
दहेज प्रताड़ना मामले में पति व सास-ससुर गिरफ्तार। प्रतीकात्‍मक फोटो

पटना, जागरण संवाददाता। रविवार को रक्षाबंधन पर घर आए भाइयों को ससुराल वालों ने राखी नहीं बांधने दी तो इससे आहत होकर महिला ने शाम को फांसी लगाकर जान दे दी। घटना दीघा थाना क्षेत्र के शिवाजी नगर की है। मायके वालों ने पुलिस को बताया कि ससुराल वाले दहेज के लिए उसे प्रताड़‍ित कर रहे थे। शिकायत के बाद दीघा थाना पुलिस ने सोनी कुमारी (25) के पति लवकेश कुमार, ससुर कौशल सिंह और सास देवंती देवी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की छानबीन की जा रही है।  

दो लाख रुपये और गहना के लिए बना रहे थे दबाव  

अरवल निवासी सोनी की शादी चार वर्ष पहले दीघा के शिवाजी नगर के लवकेश कुमार से हुई थी। शादी में मायके वालों ने हैसियत से ज्यादा दहेज दिया था। ससुराल वाले सोनी पर मायके से दो लाख रुपये और गहना इत्यादि लाने का दबाव बना रहे थे। मायके वालों ने जब दहेज देने में असमर्थता जताई तो ससुराल वालों ने प्रताडि़त करना शुरू कर दिया। सोनी के बच्चा होने के बाद भी ससुराल वालों के व्यवहार में कोई बदलाव नहीं आया। महिला को अपने घर वालों से भी बात तक नहीं करने दी जाती थी। इधर रक्षाबंधन पर उसके भाई अपनी बहन से कलाई पर राखी बंंधवाने आए थे। लेकिन पति और सास-ससुर ने सोनी को इससे रोक दिया। इस बात से सोनी काफी अपमानित और आहत थी। 

भाइयों के घर लौटने से पहले मिली घटना की जानकारी

सोनी कुमारी ने फांसी लगा खुदकुशी कर ली। घटना के बाद ससुराल वालों ने महिला की तबीयत बिगड़ने की सूचना मायके वालों और पटना से अरवल लौट रहे भाइयों को दी। मायके वाले आनन-फानन पटना आए तो सोनी को मृत पाया। उन्होंने ससुराल वालों के खिलाफ पुलिस में शिकायत की। दीघा थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिन्हा ने बताया कि भाई सुजीत कुमार के बयान पर दीघा थाना पुलिस ने दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर पति सहित तीन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। 

chat bot
आपका साथी