हाजीपुर में टेंट हाउस संचालक की गला दबाकर हत्या, एक दिन पहले किया गया था अगवा

हाजीपुर में टेंट हाउस संचालक की गुरुवार की रात गला दबाकर हत्या कर दी गई। टेंट हाउस संचालक का शव गांव के निकट शुक्रवार की शाम एक धान के खेत से बरामद किया गया। वारदात के कारणों का पता नहीं चल सका है।

By Akshay PandeyEdited By: Publish:Fri, 15 Oct 2021 10:05 PM (IST) Updated:Fri, 15 Oct 2021 10:05 PM (IST)
हाजीपुर में टेंट हाउस संचालक की गला दबाकर हत्या, एक दिन पहले किया गया था अगवा
हाजीपुर में टेंट हाउस संचालक की गला दबाकर हत्या कर दी गई। सांकेतिक तस्वीर।

जागरण संवाददाता, हाजीपुर। लालगंज थाना क्षेत्र के सठिऔता गांव निवासी टेंट हाउस संचालक की गुरुवार की रात गला दबाकर हत्या कर दी गई। टेंट हाउस संचालक का शव गांव के निकट शुक्रवार की शाम एक धान के खेत से बरामद किया गया। घटना की जानकारी मिलते ही लालगंज थाना की पुलिस मौके पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजा। वारदात के कारणों का पता नहीं चल सका है। घटना के संबंध में बताया गया है कि उक्त गांव निवासी नन्दा राय का पुत्र चांद कुमार गांव के ही निकट मुन्ना टेंट हाउस नामक दुकान चलाता था। वह गांव में ही दुर्गा पूजा पंडाल में अपने टेंट हाउस का सामान लगाए हुए था।

गुरुवार की रात वह उसी पंडाल के निकट ही था। इसी दौरान देर रात बदमाशों ने उसे अगवा कर लिया और बगल के खेत में ले जाकर लोहे के तार से गला घोंटकर हत्या कर दी। जान लेने के बाद शव को बगल के धान के खेत में फेंककर अपराधी फरार हो गए। शुक्रवार की सुबह जब चांद घर नहीं पहुंचा तो स्वजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। चांद के नहीं मिलने पर इसकी सूचना पुलिस को दी। इसके बाद भी लोग उसकी खोजबीन में लगे रहे। इसी क्रम में उसका शव शुक्रवार की शाम गांव के निकट ही खेत में पाया गया। ज्ञात हो कि इससे पूर्व भी बदमाशों ने उसके छोटे भाई मुन्ना कुमार की हत्या का प्रयास किया था। बदमाशों ने उसे मारपीट कर लहूलुहान देख मरा समझ प्लास्टिक के बोरे में बांध कर महुआ थाना क्षेत्र में फेंक दिया था, लेकिन संयोग से वह बच गया था। इस बार अपराधियों ने उसके भाई की हत्या कर दी। शव का पोस्टमार्टम शनिवार की सुबह होने के बाद ही इस मामले में प्राथमिकी दर्ज करने की कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद ही हत्या के कारणों का पता चल सकेगा।

chat bot
आपका साथी