इसी साल तैयार हो जाएगा पटना के घर में सुशांत का स्मारक, दीदार से ताजा होंगी अपने 'गुलशन' की यादें

सुशांत सिंह राजपूत की स्मृति में राजीव नगर स्थित उनके घर के एक हिस्से को स्मारक के तौर पर विकसित किया जाएगा। स्वजनों ने उनसे जुड़ी चीजों को यहां जुटाना शुरू कर दिया है।

By Akshay PandeyEdited By: Publish:Fri, 07 Aug 2020 10:02 PM (IST) Updated:Sat, 08 Aug 2020 01:34 PM (IST)
इसी साल तैयार हो जाएगा पटना के घर में सुशांत का स्मारक, दीदार से ताजा होंगी अपने 'गुलशन' की यादें
इसी साल तैयार हो जाएगा पटना के घर में सुशांत का स्मारक, दीदार से ताजा होंगी अपने 'गुलशन' की यादें

पटना, जेएनएन। बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की स्मृति में राजीव नगर स्थित उनके घर के एक हिस्से को स्मारक (मेमोरियल) के तौर पर विकसित किया जाएगा। इसके लिए उनके स्वजनों ने अभिनेता से जुड़ी चीजों को यहां जुटाना शुरू कर दिया है। मुंबई स्थित आवास से भी उनकी निजी चीजों को यहां लाया गया है। सुशांत को स्वजन प्यार से गुलशन बुलाते थे। वे भले इस दुनिया में न हों पर उनकी ढेर सारी चीजें पहले से ही पटना स्थित आवास पर हैं। अभिनेता के चचेरे भाई और छातापुर के भाजपा विधायक नीरज कुमार बबलू ने कहा कि स्मारक बनाने का काम जल्द शुरू किया जा सकता है। अभिनेता के घर राजीवनगर के रोड नंबर छह में है, जहां उनके पिता रहते हैं।

सुशांत के पिता की तबीयत अभी ठीक नहीं है

नीरज ने बताया कि सुशांत के पिता की तबीयत अभी ठीक नहीं है। वह थोड़े नॉर्मल होते हैं तो राजीवनगर वाले घर पर काम शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने सुशांत का केस सीबीआइ को सौंपे जाने पर खुशी जताते हुए कहा कि अब जल्द से जल्द इंसाफ होगा। उन्होंने कहा कि किसी निर्दोष को सजा नहीं मिले और ना ही कोई दोषी बचना चाहिए। नीरज ने बिहार पुलिस की तारीफ की।

2020 के आखिर तक शुरू हो सकता है काम 

सुशांत के स्वजनों की मानें तो स्मारक का काम साल के आखिर तक शुरू हो सकता है। इसमें अभिनेता का गिटार, टेलीस्कोप, उनका पालतू कुत्ता, उनकी गाड़ियां, उनकी कुर्सी और टेबल समेत कई निजी चीजें प्रदर्शित की जाएंगी। ये सारा सामान 24 जुलाई को ही सुशांत के पिता केके सिंह को सौंप दिया गया है। वह फिलहाल फरीदाबाद में अपनी बेटी के पास हैं। उनके पटना लौटने के बाद काम शुरू होने की उम्मीद है। विदित हो कि बॉलीवुड अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत का इसी साल 14 जून को मुंबई में उनके घर में पंखे से लटकता शव मिला था। 34 साल की उम्र में सुशांत के चले जाने से उनके प्रशंसकों व बॉलीवुड कलाकारों को तगड़ा झटका लगा था। 

chat bot
आपका साथी