पटना में पुलिस के जवानों को घेरकर हमला, फायरिंग में एक की मौत; चार को लगी गोली

पुलिस और मुखिया प्रत्याशी के समर्थकों के बीच शुक्रवार की शाम भिड़ंत हो गई। पुलिस की ओर से एक समर्थक की पिटाई किए जाने से बवाल बढ़ गया और समर्थक जवानों पर पथराव करने लगे। वारदात में पुलिसकर्मी सहित कई जख्मी हो गए हैं।

By Akshay PandeyEdited By: Publish:Fri, 22 Oct 2021 09:00 PM (IST) Updated:Fri, 22 Oct 2021 11:22 PM (IST)
पटना में पुलिस के जवानों को घेरकर हमला, फायरिंग में एक की मौत; चार को लगी गोली
धनरुआ में पुलिस और ग्रामीणों के बीच भिड़ंत के बाद सड़क पर पड़े ईंट-पत्थर।

संवाद सूत्र, धनरुआ (पटना): स्थानीय थाना क्षेत्र के मोरियावां गांव में शुक्रवार की देर शाम पुलिस टीम को घेरकर ग्रामीणों ने ईंट्ट-पत्थर से हमला कर दिया। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने कई राउंड फायरिंग की। इसमें 25 वर्षीय युवक रोहित कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य तीन ग्रामीण गोली लगने से जख्मी बताए जा रहे हैं। घटना के बाद से गांव में तनाव है। रोड़ेबाजी में थानेदार राजू कुमार, सर्किल इंस्पेक्टर राम कुमार सहित 20 पुलिसकर्मी भी जख्मी हुए हैं। घायलों का इलाज पीएमसीएच में कराया जा रहा है। चिकित्सकों ने कुछ की स्थिति गंभीर बताई है। गांव में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किए गए हैं।

मुशहरी में छापेमारी कर वापस लौट रही पुलिस टीम 

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पंचायत चुनाव को लेकर पुलिस शुक्रवार की दोपहर में शराब जब्ती के लिए छापेमारी करने मोरियावां मुशहरी में गई थी। छापेमारी के बाद पुलिस टीम वापस लौट रही थी। सड़क किनारे मुखिया प्रत्याशी सुरेंद्र साव का गाना बज रहा था। धनरुआ थानेदार गाना बंद करने को कहा, इस बीच किसी ने कहां कि आगे दूसरे प्रत्याशी का भी गाना बज रहा है, उसे भी बंद कराया जाए। इस बात को लेकर विवाद बढ़ गया। ग्रामीणों के अनुसार पुलिस ने साउंड बाक्स को जब्त कर लिया। इसका लोगों ने विरोध किया। पुलिस वहां मौजूद महिला और पुरुषों की पिटाई कर दी। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर ईंट्ट-पत्थर से हमला कर दिया। दोनों तरफ से रोड़ेबाजी हुई, लेकिन ग्रामीणों की संख्या अधिक देख पुलिस टीम पीछे हट गई।  

गांव में भगदड़ के बीच पुलिस करने लगी फायरिंग 

देर शाम थानेदार और सर्किल इंस्पेक्टर अतिरिक्त जवान के साथ दोबारा मुखिया प्रत्याशी सुरेंद्र साव के मोरियावां स्थित घर पहुंचे। भारी संख्या में पुलिस बल को देख गांव में भगदड़ मच गई। पुलिस लोगों की पिटाई शुरू कर दी। विरोध में ग्रामीणों ने भी पत्थरबाजी शुरू कर दिया। काफी संख्या में ग्रामीणों से घिरा देखकर पुलिस ने फायरिंग शुरू कर दी। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो पुलिस दर्जनों राउंड फायरिंग की। चारों ओर से रोड़ेबाजी में काफी संख्या में पुलिस अधिकारी व जवान घायल हो गए। 

एरिया में फ्लैग मार्च के दौरान हमला

एसपी पूर्वी जितेंद्र कुमार ने बताया कि पुलिस टीम एरिया में फ्लैग मार्च कर रही थी। इसी दौरान कुछ लोग पुलिस को घेरकर पत्थरबाजी करने लगे। बचाव में फायरिंग की बात सामने आ रही है। थानेदार का सिर फट गया है और सर्किल इंस्पेक्टर का पैर टूट गया है। अंधेरे में फायरिंग की वजह से दो से तीन लोगों के जख्मी की बात सामने आ रही है। एक की मौत की भी सूचना मिली है। पूरे मामले की जांच की जा रही है।  

chat bot
आपका साथी