पटना में स्टेशनरी गोदाम के कर्मियों को बंधक बनाकर दिनदहाड़े सात लाख की लूट

बाईपास थाना के श्री गुरु गोविंद सिंह लिंक पथ पर सोमवार की सुबह लगभग 730 बजे एक स्टेशनरी गोदाम में घुसे पांच की संख्या में अपराधियों ने सात लाख का सामान लूटा और मालवाहक वाहन पर लाद कर ले भागे।

By Akshay PandeyEdited By: Publish:Mon, 17 May 2021 07:17 PM (IST) Updated:Mon, 17 May 2021 07:17 PM (IST)
पटना में स्टेशनरी गोदाम के कर्मियों को बंधक बनाकर दिनदहाड़े सात लाख की लूट
लूट की सूचना मिलने पर जांच के लिए पहुंची पुलिस।

जागरण संवाददाता, पटना सिटी: बाईपास थाना के श्री गुरु गोविंद सिंह लिंक पथ पर सोमवार की सुबह लगभग 7:30 बजे एक स्टेशनरी गोदाम में घुसे पांच की संख्या में अपराधियों ने सात लाख का सामान लूटा और मालवाहक वाहन पर लाद कर ले भागे। अपराधियों ने गार्ड व कर्मी के साथ मारपीट कर दोनों को एक कमरे में बंधक बना लिया। परिसर में दूसरे गोदाम के कर्मी आए तो उन्हें भी बदमाशों ने उसी कमरे में बंद कर दिया। बाद में कर्मियों ने स्टेशनरी के स्थानीय प्रबंधक व थानाध्यक्ष को घटना की सूचना दिया। दोपहर में एसएसपी उपेंद्र कुमार शर्मा, पूर्वी एसपी जीतेंद्र कुमार घटनास्थल पहुंचकर छानबीन किया।

गार्ड को आवाज दे गेट में धक्का मारते पांच बदमाश घुसे


श्री गुरु गोविंद सिंह लिंक पथ पर स्थित स्टेशनरी गोदाम के 55 वर्षीय गार्ड सुदर्शन सिंह ने बताया कि सुबह लगभग साढ़े सात बजे परिसर में स्नान के दौरान बाहर से दो व्यक्ति ने आवाज दी। गार्ड ने पूछा कौन है। बड़े गेट में ताला लगा था। इसी बीच छोटे गेट में जोर से धक्का मारते हुए मास्क लगाए चार-पांच युवक घुसे। उन युवकों के हाथ में पिस्टल भी था। घुसते ही उन लोगों ने कर्मी चंद्रमौली सिंह उर्फ बबलू सिंह के साथ मारपीट किया। उसके बाद गार्ड व कर्मी का दोनों हाथ बांधकर कमरे में बंद कर दिया।

कमरे का ताला तोड़ कार्टन पिकअप पर लादकर चलते बने


गार्ड ने बताया कि बदमाश स्टेशनरी गोदाम के गेट का ताला तोड़ गोदाम में रखे कार्टन को निकालने लगे। बदमाशों में से दो लोगों ने परिसर में कांटी में टंगी चाबी से मुख्य गेट का ताला खोलकर पिकअप वैन को अंदर लाया। वाहन पर गोदाम से साठ-सत्तर कार्टन स्टेशनरी सामान लादकर चले गए। गार्ड का कहना है कि लूटपाट के दौरान परिसर स्थित बजरंग लाल के किराना गोदाम के दो कर्मी भी आए। उन्हें भी बदमाशों ने बंद कर दिया। बदमाशों के जाने के बाद उन्ही लोगों ने गार्ड और कर्मी का बंधा हाथ खोला। सीसी कैमरा का डीवीआर भी बदमाश ले गए।

स्टेशनरी प्रबंधक को गार्ड ने दो घंटे बाद किया सूचित


स्टेशनरी कंपनी के प्रबंधक ज्योत निरंजन हिसारिया ने बताया कि उन्हें गार्ड ने लगभग 9:30 से 10 बजे के बीच घटना की जानकारी दिया। गार्ड ने बताया कि हथियारबंद अपराधी गोदाम का ताला तोड़ एक पिकअप सामान लूटकर ले गए। प्रबंधक के अनुसार लूटे सामान की कीमत लगभग सात लाख है।

थानाध्यक्ष बोले-11 बजे मिली लूटपाट की जानकारी


बाईपास थानाध्यक्ष संजीत कुमार सिन्हा ने बताया कि स्टेशनरी गोदाम में लूटपाट की सूचना दिन में ग्यारह बजे मिली। लूटपाट के बाद लगभग आठ बजे ही पिकअप पर सामान लादकर लुटेरे जा चुके थे। थानाध्यक्ष ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस घटनास्थल पहुंचकर गहन छानबीन कर रही है। दिनदहाड़े लूटपाट की घटना की सूचना पाकर एसएसपी व पूर्वी एसपी ने भी मौके पर पहुंचकर छानबीन किया।

chat bot
आपका साथी