Haryana Election: लालू के दामाद चिरंजीव को बिहारी वोटरों का आसरा, RJD नेता ने किया रोड शो
राजद प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने अपने दामाद चिरंजीव राव के लिए अपने विश्वस्त भोला यादव को लगा रखा है। उनके दामाद को हरियाणा में बसे बिहारी वोटरों पर पूरा भरोसा है।
पटना, राज्य ब्यूरो। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने अपने दामाद चिरंजीव राव के लिए अपने विश्वस्त भोला यादव को लगा रखा है। दरभंगा के बहादुरपुर विधायक तथा लालू यादव के हनुमान माने जाने वाले भोला यादव ने तीन दिनों तक हरियाणा के रेवाड़ी विधान सभा क्षेत्र में रहकर लालू के दामाद चिरंजीव के लिए चुनाव प्रचार किया। आखिरी दिन शनिवार को रोड शो में भी हिस्सा लिया।
बता दें कि चिरंजीव हरियाणा के रेवाड़ी विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। दामाद को भाजपा से मिल रही कठिन चुनौती को देखकर चिरंजीव के पिता कैप्टन अजय सिंह यादव ने अपने समधी लालू यादव से विधायक भोला यादव को भेजने का आग्रह किया था।
इधर भोला यादव ने भी दावा किया कि रेवाड़ी की विभिन्न काॅलोनियों में 20 हजार से ज्यादा बिहार के वोटर हैं। भोला के साथ लालू की बेटी एवं चिरंजीव की पत्नी अनुष्का यादव ने भी डोर-टू-डोर कंपेन किया। राजद सुप्रीमो की बेटी अनुष्का यादव ने रोड शो में भी भाग लिया। भोला और अनुष्का ने बिहारी वोटरों को लालू का संदेश सुनाया और चिरंजीव के लिए वोट मांगा। इसके पहले नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने अपने जीजा के नामांकन में भाग लिया था। गौरतलब है कि 21 अक्टूबर को हरियाणा में विधानसभा चुनाव की वोटिंग है और इसकी काउंटिंग 24 अक्टूबर को होगी।