फोम फैक्ट्री में लगी आग, लाखों का नुकसान

पटना सिटी के फोम फैक्ट्री में आग लगने से लाखों का नुकसान।

By JagranEdited By: Publish:Sat, 07 Dec 2019 02:03 AM (IST) Updated:Sat, 07 Dec 2019 06:13 AM (IST)
फोम फैक्ट्री में लगी आग, लाखों का नुकसान
फोम फैक्ट्री में लगी आग, लाखों का नुकसान

पटना सिटी । बाइपास थाना क्षेत्र के मरची गांव स्थित फोम बनाने वाली कंपनी त्रिशला पोली प्रोजेक्ट में शुक्रवार की सुबह अचानक आग लगने से अफरा-तफरी मच गयी। फैक्ट्री में निर्मित लाखों का फोम, मशीन, गोदाम, शेड एवं भवन जल गया। आग से निकलने वाला काला धुआं दो किलोमीटर दूर से ही नजर आ रहा था। चारो ओर से खेत के बीच खाली जगह पर बनी इस फैक्ट्री के जलने से आसपास के खेत में लगी फसल को भी नुकसान पहुंचा। थानाध्यक्ष अजय कुमार के नेतृत्व में पहुंचे पुलिस बल ने फैक्ट्री के बाहर रखे करीब 50 व्यावसायिक सिलेंडर को फेक कर आग लगने से बचाया।

सूचना पाकर पटना सिटी फायर स्टेशन से तीन, कंकड़बाग एवं पटना से एक-एक दमकल ने मौके पर पहुंच कर आग बुझायी। फायर स्टेशन ऑफिसर सुरेन्द्र सिंह ने बताया कि आग गैस पाइप में रिसाव के कारण लगी है। हुए नुकसान का आंकलन किया जा रहा है। थानाध्यक्ष अजय कुमार ने बताया कि गैस सिलेंडर फटने से बड़ा नुकसान हो सकता था। आसपास के खेत में लगी कई किसानों की फसल जल गयी। यह मुआवजा की मांग कर रहे थे।

फैक्ट्री मालिक कदमकुआं निवासी मनोज अग्रवाल ने बताया कि फैक्ट्री में गद्दा बनाने का काम गुरुवार की रात भी हुआ। सुबह की पाली में आए कर्मियों ने आग लगने की सूचना 10 बजे दी। पटना सिटी, कंकड़बाग एवं पटना से आए पांच दमकल की मदद से आग बुझायी गयी। श्री अग्रवाल ने बताया कि 40 हजार वर्गफीट में फैली फैक्ट्री में गद्दा, फोम का भंडारण था। निर्माण कार्य भी चल रहा था। आग से सारा सामान राख हो गया। उन्होंने लाखों का नुकसान होने की बात कही है। फैक्ट्री मालिक का कहना है कि आग शॉट सर्किट के कारण लगी है।

---

- गैस सिलेंडर में लगी आग से मकान को नुकसान

आलमगंज थाना अन्तर्गत तेलिया स्कूल के समीप एक मकान के रसोई गैस सिलेंडर में शुक्रवार की शाम अचानक आग लग गयी। पटना सिटी फायर स्टेशन से एक छोटे दमकल ने पहुंच कर आग बुझायी। आग से मकान को नुकसान पहुंचा है। स्थानीय नागरिकों ने भी आग बुझाने में तत्परता दिखायी।

chat bot
आपका साथी