मंत्री अशोक चौधरी ने विपक्ष को याद दिलाई सर्वदलीय बैठक, बोले-नीतीश ने सूझबूझ से स्थिति संभाली

मंत्री अशोक चौधरी ने कहा है कि विपक्ष महामारी के बाद राजनीति कर ले अभी सही मौका नहीं है। उन्होंने कहा कि सर्वदलीय बैठक में विपक्ष ने तो लॉकडाउन की बात तक नहीं की थी मुख्यमंत्री ने अपनी सूझबूझ से स्थिति संभाली है।

By Akshay PandeyEdited By: Publish:Mon, 17 May 2021 03:17 PM (IST) Updated:Mon, 17 May 2021 03:17 PM (IST)
मंत्री अशोक चौधरी ने विपक्ष को याद दिलाई सर्वदलीय बैठक, बोले-नीतीश ने सूझबूझ से स्थिति संभाली
जदयू के वरिष्ठ नेता व भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी। जागरण आर्काइव।

राज्य ब्यूरो, पटना: जदयू के वरिष्ठ नेता व भवन निर्माण मंत्री अशोक चौधरी ने कहा कि विपक्ष को समझना चाहिए कि अभी महामारी का काल है। ऐसे में राजनीति नहीं, बल्कि काम करने की जरूरत है। महामारी के बाद राजनीति के लिए पर्याप्त समय है। राज्यपाल द्वारा कोरोना महामारी को लेकर सर्वदलीय बैठक में विपक्ष के किसी नेता ने लॉकडाउन की बात नहीं की थी। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने अपनी सूझबूझ से लॉकडाउन लागू किया। इसके परिणाम दिखे हैं। जनसंख्या के लिहाज से बिहार देश के तीसरे राज्य में शुमार है, लेकिन संक्रमितों की संख्या के लिहाज से यह देश में 14वें नंबर पर आ गया है। 

नीतीश खुद बनाए हैं एक-एक चीज पर नजर

अशोक चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार एक-एक चीज को लगातार खुद देख रहे हैं। यहां कोरोना के एक्टिव मामले 15 मई तक 12.79 फीसद थे। इस लिहाज से बिहार पूरे देश में 23वें नंबर पर है। संक्रमितों के स्वस्थ होने का प्रतिशत 86.63 है। देश में बिहार 11वें नंबर पर है। यहां कोरोना से मरने वालों की दर 0.58 फीसद है। इस आंकड़े के साथ बिहार 29वें नंबर पर है। 

संपूर्ण बिहार की सेवा के बारे में सोचना चाहिए

अशोक चौधरी ने कहा कि इन दिनों विपक्ष के नेता मुख्यमंत्री क्षेत्र विकास योजना के तहत उपलब्ध दो करोड़ की राशि को कोरोना से निपटने के लिए दिए जाने को ले सरकार फैसले पर प्रश्न खड़ा कर रहे हैैं। महामारी के इस काल में क्षेत्र या फिर विधानसभा की बात को छोड़ हमें संपूर्ण बिहार की सेवा के बारे में सोचना चाहिए। महामारी की इस स्थिति को वर्तमान पीढ़ी के लोगों ने नहीं देखा था। गौरतलब है कि बिहार में लॉकडाउन के बाद लगातार कुछ दिनों से कोरोना संक्रमितों के मिलने का सिलसिला कम हो गया है। इसपर भी विपक्ष जांच में लापरवाही बरतने का आरोप लगा रहा है। 

chat bot
आपका साथी