दिल्ली कोर्ट में गोलीबारी के बाद पटना में सुरक्षा बढ़ाना आया काम, पुलिस की वर्दी वाले को रोका तो खुली पोल

गत दिनों दिल्ली की रोहिणी कोर्ट में हुई गोलीबारी के बाद बिहार के कोर्ट परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। सुरक्षा कर्मियों ने सिविल कोर्ट परिसर में प्रवेश करने का प्रयास कर रहे एक फर्जी दारोगा को दबोचा है।

By Akshay PandeyEdited By: Publish:Tue, 28 Sep 2021 10:33 PM (IST) Updated:Tue, 28 Sep 2021 10:33 PM (IST)
दिल्ली कोर्ट में गोलीबारी के बाद पटना में सुरक्षा बढ़ाना आया काम, पुलिस की वर्दी वाले को रोका तो खुली पोल
पटना से फर्जी दारोगा गिरफ्तार किया गया है। सांकेतिक तस्वीर।

जागरण संवाददाता, पटना। सुरक्षा कर्मियों ने सिविल कोर्ट परिसर में प्रवेश करने का प्रयास कर रहे एक फर्जी दारोगा को दबोचा है। उसकी पहचान विपिन कुमार (32) के रूप में हुई है। खगड़िया, मानसी थाना सैदपुर गांव निवासी आरोपित अपने भाई से मिलने कोर्ट के अंदर जाने की जुगत में था। पीरबहोर थाना प्रभारी सबीह उल हक ने बताया कि आरोपित को गिरफ्तार कर लिया गया है। धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

पुराने मामलों की हो रही जांच

यह पता लगाया जा रहा है कि विपिन पर पहले से कोई आपराधिक मुकदमा तो दर्ज नहीं है। मालूम हो कि गत दिनों दिल्ली की रोहिणी कोर्ट में हुई गोलीबारी के बाद बिहार के कोर्ट परिसर की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। इसी बीच मंगलवार की दोपहर करीब 12.30 बजे विपिन कुमार सिविल कोर्ट पहुंचा था। सुरक्षा कर्मियों ने कोर्ट परिसर में जब उसे जाने से रोका तो आरोपित ने बताया कि वह बिहार पुलिस में दारोगा है और उसकी तैनाती बेगूसराय टाउन थाने में है। 

भाई को पाक्सो एक्ट के तहत किया गया गिरफ्तार

सुरक्षाकर्मियों ने उसे पहचान पत्र दिखाने को कहा। विपिन कुमार का पहचान पत्र नकली प्रतीत होने पर उससे उसके बैच के बारे में पूछताछ की कई तो वह घबरा गया। जिसके बाद घटना की सूचना पीरबहोर थाना पुलिस को दे दी गई। पूछताछ में पता चला कि गर्दनीबाग थाना पुलिस ने आरोपित के भाई को पाक्सो एक्ट के तहत गिरफ्तार किया है। उसकी कोर्ट में मंगलवार को पेशी थी।  

बता दें कि देश की राजधानी दिल्ली की रोहिणी कोर्ट में शुक्रवार को बड़ी वारदात हुई थी। बदमाशों ने गोली मारकर गैंगस्टर जितेंद्र गोगी की हत्या कर दी थी। कोर्ट में सुनवाई के दौरान अपराधियों ने वारदात को अंजाम दिया था। घटना कोर्ट रूम नंबर 207 में हुई थी। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई में दो हमलावरों को मार गिराया था। 

chat bot
आपका साथी