सम्राट चौधरी बोले- बिहार में नीतीश के नेतृत्‍व में राजग एकजुट, मतभेद की चर्चाओं को बताया मनगढ़ंत

मंत्री सम्राट चौधरी ने कहा था कि गठबंधन की सरकार में सभी दलों की विचारधारा अलग-अलग होती है। सभी को साथ लेकर चलना होता है। गठबंधन सरकार में पार्टी केवल अपने विचारों को आगे बढ़ाने के लिए काम नहीं कर पाती है। सभी का ध्‍यान रखना पड़ता है।

By Shubh Narayan PathakEdited By: Publish:Tue, 03 Aug 2021 10:07 AM (IST) Updated:Tue, 03 Aug 2021 10:07 AM (IST)
सम्राट चौधरी बोले- बिहार में नीतीश के नेतृत्‍व में राजग एकजुट, मतभेद की चर्चाओं को बताया मनगढ़ंत
सम्राट चौधरी और नीतीश कुमार। फाइल फोटो

पटना, राज्य ब्यूरो। Bihar Politics: बिहार में एनडीए की सरकार में मतभेदों के सवाल को पंचायती राज मंत्री सम्राट चौधरी ने खारिज कर दिया है। उन्‍होंने कहा है कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) एकजुट है। राज्य में लंबे समय से विकास हो रहा है। उन्होंने उन चर्चाओं को मनगढंत बताया, जिसमें उनके हवाले से कहा गया है कि सरकार में उनकी कोई बात नहीं सुनता। चौधरी ने कहा कि सरकार बड़े फैसले ले रही है। पंचायती राज विभाग में भी कई फैसले मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में लिए गए हैं। उन्होंने किसी भी स्तर पर मतभेद से इन्कार किया। कहा कि सरकार में हरेक मंत्री का आदेश माना जाता है।

बात कही कुछ और मतलब निकाला कुछ और

दरअसल बिहार के औरंगाबाद में भाजपा के एक कार्यक्रम में मंत्री सम्राट चौधरी ने कहा था कि गठबंधन की सरकार में सभी दलों की विचारधारा अलग-अलग होती है। सभी को साथ लेकर चलना होता है। गठबंधन सरकार में पार्टी केवल अपने विचारों को आगे बढ़ाने के लिए काम नहीं कर पाती है। सभी का ध्‍यान रखना पड़ता है। ऐसी मजबूरियों को कार्यकर्ताओं को समझना चाहिए। सरकार तभी मजबूती से फैसले ले सकती है जब गठबंधन के दलों की मजबूरी नहीं हो। उन्‍होंने अपनी पार्टी को मजबूत बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से आह्वान किया। यह हर पार्टी के लिए सामान्‍य बात है। सभी दल खुद को मजबूत बनाने की कोशिश करते रहते हैं। लेकिन सम्राट चौधरी के बयान का कई लोगों ने यह मतलब निकाला कि नीतीश सरकार में भाजपा के मंत्रियों की नहीं सुनी जाती है।

सीएम नीतीश ने भी दे दिया था बयान

सम्राट चौधरी के बयान की बाबत जब पत्रकारों ने सीएम नीतीश कुमार से सवाल पूछा तो उन्‍होंने कहा था कि बिहार में लंबे समय से गठबंधन की सरकार चल रही है। कहीं कोई दिक्‍कत नहीं है। इसके बावजूद अगर किसी को कोई परेशानी लगती है तो उन्‍हें अपनी पार्टी के सामने यह मसला उठाना चाहिए।

chat bot
आपका साथी