नमामि गंगे परियोजना के अधूरे कार्य से गड्ढों में तब्दील हुई सड़कें, बढ़ीं लोगों की मुश्किलें

पटना नगर निगम और बुडको की ओर से पाइपलाइन बिछाने के कारण शहर के कई हिस्सों में खुदाई की गई है।

By JagranEdited By: Publish:Sun, 30 May 2021 01:40 AM (IST) Updated:Sun, 30 May 2021 01:40 AM (IST)
नमामि गंगे परियोजना के अधूरे कार्य से गड्ढों में तब्दील हुई सड़कें, बढ़ीं लोगों की मुश्किलें
नमामि गंगे परियोजना के अधूरे कार्य से गड्ढों में तब्दील हुई सड़कें, बढ़ीं लोगों की मुश्किलें

पटना। पटना नगर निगम और बुडको की ओर से पाइपलाइन बिछाने के कारण शहर के कई हिस्सों में कार्य अधूरा छोड़ दिया है। इससे सड़क गड्ढों में तब्दील हो गई है और नागरिकों का आना-जाना मुश्किल हो गया है। नमामि गंगे परियोजना के तहत कार्य होने के कारण प्रेमचंद गोलंबर से नाला रोड की तरफ जाने वाली मुख्य सड़क एक वर्ष से बंद है। प्रेमचंद गोलंबर पर मिट्टी बिखरी हुई है, इससे नागरिक परेशान हैं। बुडको ने इस स्थल को बराबर करके छोड़ दिया है। मिट्टी के कारण लोग उक्त सड़क से नहीं गुजर रहे हैं। बुडको के अधिकारियों का कहना है कि सड़क का निर्माण पथ निर्माण विभाग को कराना है। गड्ढ़े व कीचड़ में तब्दील हुआ सैदपुर संप से बहादुरपुर ओवरब्रिज:

मोइनुल हक स्टेडियम के सामने सैदपुर संप हाउस से बहादुरपुर ओवरब्रिज के बीच की सड़क गड्ढे में तब्दील हो गई है। नाला निर्माण का कार्य पूर्ण हो गया है। इस कारण रोड पर जलजमाव नहीं हुआ, लेकिन पूरा क्षेत्र कीचड़ में तब्दील है। मिट्टी भरकर सड़क का निर्माण होना शेष है। सड़क से आने-जाने में काफी परेशानी हो रही है। पटना नगर निगम ने नाले का निर्माण कराया है। रामपुर नहर वाली रोड भी कीचड़ से सनी :

बहादुरपुर बाजार समिति के पास रामपुर में पाइपलाइन बिछाने का कार्य चल रहा है। करीब 500 मीटर में पाइपलाइन बिछानी शेष रह गई है। सड़क कीचड़ में तब्दील हो गई है। लोग इस रोड पर मजबूर होकर जा रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि पाइपलाइन बिछाने का कार्य जल्द पूरा होना चाहिए। अधूरे नाला निर्माण के कारण खतरनाक बनी काग्रेस मैदान रोड :

लोहानीपुर और कदमकुआ को जलजमाव से निजात दिलाने के लिए निर्माणाधीन नाला पूर्ण नहीं होने के कारण स्थिति भयावह हो गई है। राजेंद्रनगर गोलंबर से लोहानीपुर होते हुए लोग इसी मार्ग से आते-जाते हैं। इस पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे और कीचड़ भी है। वार्ड पार्षद डॉ. आशीष कुमार सिन्हा ने कहा कि मानसून से पहले बारिश के कारण परेशानी हुई है। लेकिन जलजमाव नहीं हुआ। मौसम सुधार होते ही अधूरा कार्य पूर्ण हो जाएगा। राजेंद्र पथ से कदमकुआ तक सड़क मरम्मत का इंतजार :

राजेंद्र पथ पर चिरैयाटाड़ पुल से लेकर कदमकुआ तक नमामि गंगे परियोजना के तहत पाइपलाइन बिछा दी गई है। सड़क की मरम्मत नहीं हो पाई है। इससे नागरिक परेशान हैं। तेज बारिश के बीच सड़क पर पानी जम जाने के कारण गड्ढे खतरनाक साबित हो रहे हैं। वाहनों की आवाजाही में भी परेशानी हो रही है। उधर, नाला रोड पर भी गड्ढे के कारण लोग परेशान हैं। अशोक राजपथ पर भी जगह-जगह बने गड्ढे :

अशोक राजपथ पर सीवरेज नेटवर्क लाइन बिछाया जा रहा है। इस कारण पटना विश्वविद्यालय के आसपास एक लेन बंद है और गाधी मैदान तक जगह-जगह गड्ढे हैं। इस कारण नागरिकों को परेशानी हो रही है। लॉकडाउन के कारण सड़क पर यातायात नहीं रहने के बाद भी मुश्किल है। कोरोना संक्रमण के कारण काम धीमा पड़ गया है। बुडको का कहना है कि अधिकाश क्षेत्रों में कार्य पूरा हो गया है।

chat bot
आपका साथी