बाइक लूट के विरोध में सड़क जाम करना पड़ गया महंगा, गोपालगंज के लोगों पर कसा कानूनी शिकंजा

गोपालगंज के जनता बाजार में बाइक लूट की घटना के विरोध में शनिवार को लोगों ने किया था प्रदर्शन। दो दर्जन अज्ञात लोग भी प्राथमिकी में बनाए गए आरोपित। कटेया थाना क्षेत्र के व्‍यवसायी से हुई थी लूट की वारदात।

By Vyas ChandraEdited By: Publish:Sun, 26 Sep 2021 05:18 PM (IST) Updated:Sun, 26 Sep 2021 05:18 PM (IST)
बाइक लूट के विरोध में सड़क जाम करना पड़ गया महंगा, गोपालगंज के लोगों पर कसा कानूनी शिकंजा
सड़क जाम कर रहे लोगों को समझाती पुलिस। जागरण आर्काइव

कटेया (गोपालगंज), संवाद सूत्र। कटेया थाना क्षेत्र के जनता बाजार में शुक्रवार की रात बाइक लूट के बाद उग्र लोगों की ओर से शनिवार को किया गया विरोध प्रदर्शन लोगों पर भारी पड़ गया। अब वे कानूनी पचड़े में पड़ गए हैं।जनता बाजार में सड़क जाम एवं आगजनी की घटना को लेकर कटेया थानाध्यक्ष के बयान पर थाने में 19 लोगों के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। इस मामले में करीब दो दर्जन अज्ञात लोगों को भी आरोपित बनाया गया है। 

दुकानदार की बाइक लूट के बाद लोगों ने किया था हंगामा 

जानकारी के अनुसार कटेया थाना क्षेत्र के लोहटी निवासी जयप्रकाश गुप्ता शुक्रवार की संध्या घर से खाना खाकर जनता बाजार स्थित अपने दुकान पर सोने के लिए आ रहे थे। इसी बीच रास्ते में चार अज्ञात अपराधियों ने हथियार का भय दिखाकर उनकी बाइक लूट ली। इस मामले में जयप्रकाश गुप्ता के बयान पर थाने में अज्ञात अपराधियों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई। इसी बीच स्थानीय लोगों को जब इस घटना की सूचना मिली तो वे आक्रोशित हो गए। लोगों ने शनिवार की सुबह बगही-बथुआ पथ को जनता बाजार के सामने जाम कर प्रदर्शन किया। आगजनी कर आवागमन बाधित कर दिया।

सियासी रोटी सेंकने का पुलिस ने लगाया आरोप 

इस घटना को लेकर थानाध्यक्ष सुमन कुमार मिश्र ने दर्ज प्राथमिकी में आरोप लगाया है कि पुलिस बल के मौके पर पहुंचने के पश्चात स्थानीय लोगों ने सियासी रोटी सेंकने के उद्देश्य से पुलिस पदाधिकारियों के साथ धक्का-मुक्की, मारपीट व गाली-गलौज की। साथ ही सड़क पर चलने वाले अन्य वाहनों में भी तोडफोड़ की। इससे सरकारी कार्य में बाधा उत्पन्न हुई। कटेया थानाध्यक्ष सुमन कुमार मिश्र ने घटना को लेकर दर्ज प्राथमिकी में सफी आलम सहित 19 लोगों को नामजद एवं 25 से 30 अज्ञात लोगों को आरोपित किया है। प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस अज्ञात लोगों की पहचान की दिशा में कार्य कर रही है। 

chat bot
आपका साथी