अजीत सिंह के निधन पर बोले नीतीश, हमेशा याद रखा जाएगा उनका योगदान, लालू यादव भी दुखी

पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी अजित सिंह का गुरुवार को निधन हो गया। अजीत के निधन पर बिहार के सीएम नीतीश कुमार राजद सुप्रीमो लालू यादव नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव व पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी समेत कई बड़े नेताओं ने शोक व्यक्त किया है।

By Akshay PandeyEdited By: Publish:Thu, 06 May 2021 01:02 PM (IST) Updated:Thu, 06 May 2021 01:02 PM (IST)
अजीत सिंह के निधन पर बोले नीतीश, हमेशा याद रखा जाएगा उनका योगदान, लालू यादव भी दुखी
आरएलडी प्रमुख अजीत सिंह, लालू यादव और नीतीश कुमार।

ऑनलाइन डेस्क, पटना। पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी अजित सिंह का गुरुवार को निधन हो गया। कोरोना संक्रमित होने के बाद राष्ट्रीय लोकदल (आरएलडी) के राष्ट्रीय अध्यक्ष गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती थे, जहां उन्होंने अंतिम सांस ली। अजीत के निधन पर बिहार के सीएम नीतीश कुमार, राजद सुप्रीमो लालू यादव, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव व पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी व बिहार बीजेपी अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल समेत कई बड़े नेताओं ने शोक व्यक्त किया है। 

अजीत गरीबों और मजदूरों के नेता थेः लालू

नीतीश कुमार ने ट्वीट करके कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं राष्ट्रीय लोक दल के प्रमुख चौधरी अजीत सिंह का निधन अत्यंत दुखद है। भारतीय राजनीति में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) सुप्रीमो लालू यादव ने कहा कि राष्ट्रीय लोक दल प्रमुख व पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी अजीत सिंह के निधन से दुखी हूं। अजीत गरीबों, मजदूरों, ग्रामीणों और किसानों की बेहतरी को लेकर सदैव फिक्रमंद रहते थे। भगवान उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें। विनम्र श्रद्धांजलि।  

गरीब हितैषी थे राष्ट्रीय लोक दल प्रमुखः तेजस्वी

नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने कहा कि किसान और गरीब हितैषी राष्ट्रीय लोक दल प्रमुख, पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी अजीत सिंह के असामयिक निधन से व्यथित हूं। उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं। भगवान अपने श्रीचरणों में उन्हें स्थान दें व बड़े भाई जयंत व परिवार को दुख सहने की शक्ति दे। बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी ने कहा कि पूर्व सांसद अजीत चौधरी के निधन की सूचना से आहत हूं। उनका जीवन किसानों को समर्पित था। ईश्वर उनके आत्मा को शांति और परिजनों को दुख सहन करने की शक्ति प्रदान करें।

अजीत का जाना राजनैतिक जगत को गहरा धक्काः संजय

बिहार भाजपा अध्यक्ष डॉ. संजय जायसवाल ने कहा कि पूर्व केंद्रीय मंत्री चौधरी अजित सिंह के देहांत की खबर कष्टदायक है। उनके निधन से राजनैतिक जगत को गहरा धक्का लगा है। ईश्वर दिवंगत आत्मा को शांति एवं शोकाकुल परिवार और समर्थकों को वेदना सहने की अपार शक्ति दें। वहीं लोक जनशक्ति पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान ने कहा कि अजित सिंह का कोरोना से निधन के समाचार से स्तब्ध हूं। वह हमेशा किसानों के हित के लिए आगे रहे। दुख की इस घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार के साथ है। प्रभु उनकी आत्मा को शांति प्रदान करें।

chat bot
आपका साथी