पटना के बाढ़ में नाली के विवाद में सेवानिवृत्त शिक्षक की हत्या, पत्नी; पोता और नाती गंभीर

बाढ़ के कैमा गांव में नाली को लेकर उपजे विवाद में हथियारों से लैस पड़ोसियों ने एक सेवानिवृत्त शिक्षक के घर पर हमला बोल दिया। वारदात में घर के कई लोग जख्मी हो गए। गंभीर रूप से जख्मी सेवानिवृत्त शिक्षक की की इलाज के दौरान मौत हो गई

By Akshay PandeyEdited By: Publish:Thu, 25 Feb 2021 11:42 AM (IST) Updated:Thu, 25 Feb 2021 11:42 AM (IST)
पटना के बाढ़ में नाली के विवाद में सेवानिवृत्त शिक्षक की हत्या, पत्नी; पोता और नाती गंभीर
कैमा गांव में वारदात के बाद रोत मृतक के स्वजन। जागरण।

जागरण टीम बाढ़/पटना। अनुमंडल के टाल क्षेत्र स्थित सकसोहरा थाने के कैमा गांव में बुधवार की देर रात मामूली विवाद में बदमाशों ने सेवानिवृत्त शिक्षक राम पदारथ पासवान लाठी-डंडे से पीटकर हत्या कर दी। शोर मचाने पर बचाव करने आई रामपदारथ की पत्नी देवंती देवी, पोता गुलशन और पोती अंजली को भी आरोपितों ने पीट जख्मी कर दिया। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को डॉक्टरों ने पटना रेफर कर दिया। जख्मी पौत्र गुलशन कुमार के बयान पर पड़ोसी राधेश्याम पासवान, सूरजभान कुमार, धर्मराज पासवान, रूदल पासवान, बृजभान कुमार, नीलकमल कुमार, धर्मराज की पत्नी, चांदनी कुमारी के विरुद्ध हत्या की प्राथमिकी दर्ज की गई। इस संबंध में सहायक पुलिस अधीक्षक अंबरीष राहुल ने बताया कि हत्या में शामिल लोगों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है। 

पुलिस को दिए बयान में जख्मी गुलशन कुमार ने बताया कि बुधवार की रात करीब 12:30 बजे उसके जमीन में घर के पानी की निकासी के लिए बनी नाली पर दीवार बनाकर राधेश्याम और उसके स्वजनों ने ने रोक दिया। इसकी जानकारी मिलने पर दादा रामपदारथ पासवान घर से निकलकर बाहर पहुंचे। इसी दौरान आरोपितों ने लाठी-डंडे से उनकी पिटाई कर दी। खंती से आरोपितों ने पैर काट दिया। शोर मचाने पर दादी देवंती देवी घटनास्थल पर पहुंची तो आरोपितों ने उनकी भी पिटाई कर दी।

 
घटना के बाद गांव में तनाव
इस संबंध में ग्रामीणों ने बताया कि रामपदारथ का गांव में दो जगहों पर घर है। घर के सामने ही आरोपितों का भी घर है। दोनों के घर के बीच से रास्ता गुजरा है। देर रात आरोपितों द्वारा रास्ता बंद करते हुए दीवार का निर्माण कराया जा रहा था। इसकी जानकारी मिलने के बाद रामपदारथ पासवान घर से निकलकर मौके पर जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में ही आरोपितों ने उनपर लाठी-डंडे और धारदार हथियार से हमला कर दिया। बचाव करने आए स्वजनों की भी पिटाई कर दी। शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों को गंभीर अवस्था में सेवानिवृत्त शिक्षक रामपदारथ पासवान को अनुमंडल अस्पताल में भर्ती कराया, जहां इलाज के दौरान मौत हो गई। उनकी पत्नी को गंभीर हालत में डॉक्टरों ने पीएमसीएच रेफर कर दिया, जहां उनकी हालत ङ्क्षचताजनक बनी हुई है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद नए थानाध्यक्ष जितेंद्र राम घटनास्थल पर पहुंचे और ग्रामीणों से पूछताछ की। उन्होंने बताया कि आरोपितों को ही शीघ्र ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। 
सकसोहरा उच्च विद्यालय से सेवानिवृत्त हुए थे रामपदारथ
सेवानिवृत्त शिक्षक रामपदारथ पासवान वर्ष वर्ष 2012 में सकसोहरा उच्च विद्यालय से रिटायर हुए थे। थानाध्यक्ष ने बताया की सेवानिवृत्त होने के बाद वे परिवार के साथ शांतिपूर्ण जीवन यापन कर रहे थे। बीडीओ गायत्री देवी ने बताया कि मुख्यमंत्री के सात निश्चय योजना के तहत कैमा गांव में नाली निर्माण का कार्य चल रहा था। दो पक्षों के बीच नाली बनाने को लेकर उत्पन्न विवाद के कारण काम को रोक दिया गया था। इसी बीच बुधवार की रात विरोधी पक्ष द्वारा निर्माण कराया जा रहा था विरोध करने पर वृद्ध की हत्या कर दी गई।

chat bot
आपका साथी