इंजीनियर बेटे से विवाद में गोपालगंज के रिटायर्ड सैनिक ने तान दी बंदूक, छीनाझपटी में हो गया हादसा

आपसी विवाद में पुत्र से भिड़ गया था सेवानिवृत आर्मी जवान। बेटे के सीने पर तान दी बंदूक। छीनाझपटी में चली गोली से बेटे की मौत पुलिस ने आरोपित को हिरासत में ले लिया है। घटना से लोग सकते में हैं।

By Vyas ChandraEdited By: Publish:Tue, 21 Sep 2021 06:04 PM (IST) Updated:Tue, 21 Sep 2021 06:04 PM (IST)
इंजीनियर बेटे से विवाद में गोपालगंज के रिटायर्ड सैनिक ने तान दी बंदूक, छीनाझपटी में हो गया हादसा
घटनास्‍थल पर छानबीन करते एसपी आनंद कुमार। जागरण
गोपालगंज, जागरण संवाददाता। शहर के वीएम मैदान के समीप गिरी टोला में किराए के एक मकान में  रह रहे एक सेवानिवृत्‍त जवान तथा उसके इंजीनियर पुत्र के बीच मंगलवार को किसी बात को लेकर विवाद हो गया। तमतमाए रिटायर्ड जवान ने बेटे के सीने पर ही बंदूक तान दिया। बेटे ने बचाव के प्रयास में बंदूक छीनने का प्रयास किया। इसी क्रम में गोली चल गई। सीने में गोली लगने से घायल युवक को अस्‍पताल ले जाया गया। वहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही एसपी आनंद कुमार घटनास्थल पर पहुंचे। वहां नशे में धुत सेवानिवृत आर्मी का जवान हाथ में बंदूक लिए हुए खड़ा मिला। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।  
किसी बात पर हुआ विवाद तो नशे में धुत पिता ने तान दी बंदूक
बताया जाता है कि उचकागांव थाना क्षेत्र के झीरवा गांव निवासी सेवानिवृत आर्मी के जवान शंभूनाथ सिंह शहर के वीएम मैदान के समीप गिरी टोला में किराए के एक मकान में परिवार के साथ रहते हैं। पुत्र राजू कुमार एक निजी कंपनी में इंजीनियर के पद पर काम करते थे।  लॉकडाउन लगने पर ये गिरी टोला में अपने पिता के पास आ गए तथा घर पर रहकर आनलाइन आफिस का काम करने लगे। मंगलवार को किसी बात को लेकर राजू कुमार का अपने पिता शंभूनाथ सिंह से विवाद हो गया। बात इतनी बढ़ गई कि शंभूनाथ सिंह ने लाइसेंसी बंदूक अपने बेटे पर तान दिया। राजू की मां बीच बचाव करने पहुंची तो शंभूनाथ सिंह ने उन्‍हें धक्का मार कर गिरा दिया। इसी बीच इस छीना झपटी में बंदूक से गोली चल  गई। 

पुलिस अधीक्षक आनंद कुमार ने बताया कि घटना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने आसपास के लोगों से भी पूछताछ की गई है। पता चला है कि दो राउंड फायरिंग की गई है। शंभूनाथ सिंह से पूछताछ चल रही है।  बारीकी से जांच करने के लिए मुजफ्फरपुर से एफएसएल की टीम को बुलाया गया है। एफएसएल की टीम की जांच के बाद पुलिस आगे की कार्रवाई करेगी। राजू कुमार बंगलूरू मे एक निजी कंपनी में काम करते थे। अब इनका आफिस खुल गया है। एक सप्ताह बाद  वे बंगलुरु जाने वाले थे। लेकिन इसी बीच मंगलवार को उनकी हत्‍या हो गई।   

chat bot
आपका साथी