कल से क्षेत्रीय कौशल प्रतियोगिता, आठ राज्यों के प्रतिभागी लेंगे भाग

राष्ट्रीय कौशल विकास निगम के तत्वावधान में राजधानी में 20 से 23 अक्टूबर तक क्षेत्रीय कौशल प्रतियोगिता आयोजित होगी।

By JagranEdited By: Publish:Mon, 18 Oct 2021 08:30 PM (IST) Updated:Mon, 18 Oct 2021 08:30 PM (IST)
कल से क्षेत्रीय कौशल प्रतियोगिता, आठ राज्यों के प्रतिभागी लेंगे भाग
कल से क्षेत्रीय कौशल प्रतियोगिता, आठ राज्यों के प्रतिभागी लेंगे भाग

पटना। राष्ट्रीय कौशल विकास निगम के तत्वावधान में राजधानी में 20 से 23 अक्टूबर तक क्षेत्रीय कौशल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। प्रतियोगिता में देश के पूर्वी क्षेत्र के आठ राज्यों के 240 प्रतिभागी भाग लेंगे। यहां पर प्रतिभागियों को 42 स्किल में अपना प्रदर्शन दिखाने का मौका मिलेगा। वहीं बेंगलुरु में दिसंबर में राष्ट्रीय स्तर पर प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। 'व‌र्ल्ड स्किल्स इंटरनेशनल कंपीटिशन' का आयोजन अगले वर्ष अक्टूबर में चीन के शंघाई में होगा। यह जानकारी सोमवार को राजधानी के एक होटल में आयोजित संवाददाता सम्मेलन में श्रम संसाधन विभाग की अपर मुख्य सचिव वंदना किनी ने दी। प्रतियोगिता में बिहार, झारखंड, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, अंडमान-निकोबार, मिजोरम, असम एवं त्रिपुरा के प्रतिभागी शामिल होंगे।

सम्मेलन में राष्ट्रीय कौशल विकास निगम एवं 'व‌र्ल्ड स्किल्स इंडिया' के सीनियर हेड जयकांत सिंह ने कहा कि प्रतियोगिता का उद्घाटन बुधवार को राज्य की उप मुख्यमंत्री रेणु देवी राजधानी के ज्ञान भवन में करेंगी। पटना के अलावा पश्चिमी क्षेत्र की प्रतियोगिता गांधीनगर, उत्तरी क्षेत्र की चंडीगढ़ एवं दक्षिण क्षेत्र की विशाखापत्तनम में आयोजित की जाएगी। क्षेत्रीय प्रतियोगिताओं के माध्यम से देशभर के 1500 प्रतिभागियों का चयन होगा।

इस दौरान टूल रूम के सलाहकार डीके सिंह, एस्ट्रिक साल्यूशन के सीईओ पीके सिन्हा, सीडैक के निदेशक आदित्य कुमार सिन्हा, नीलेट के प्रभारी निदेशक आलोक त्रिपाठी, निफ्ट के निदेशक संजय श्रीवास्तव एवं नवीन राजकीय पालिटेक्निक के प्राचार्य चंद्रशेखर सिंह सहित कई अधिकारी मौजूद थे।

: प्रतियोगिता के विजेता को मिलेगा स्वर्ण पदक :

प्रतियोगिता के विजेताओं को 23 अक्टूबर को बापू सभागार में पुरस्कृत किया जाएगा। प्रत्येक कौशल के विजेता को स्वर्ण पदक प्रदान किया जाएगा। इसके अलावा 21 हजार की राशि दी जाएगी। वहीं उप विजेता को 11 हजार की राशि एवं रजत पदक प्रदान किया जाएगा।

---------

chat bot
आपका साथी