बारिश के साथ वज्रपात की आशंका, शाम से आएगी कमी

पूर्वी उत्तर प्रदेश में चक्रवात बनने से शुक्रवार को राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में जमकर बारिश हुई

By JagranEdited By: Publish:Sat, 26 Sep 2020 07:54 AM (IST) Updated:Sat, 26 Sep 2020 07:54 AM (IST)
बारिश के साथ वज्रपात की आशंका, शाम से आएगी कमी
बारिश के साथ वज्रपात की आशंका, शाम से आएगी कमी

पटना। पूर्वी उत्तर प्रदेश में चक्रवात बनने से शुक्रवार को राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में जमकर बारिश हुई। शनिवार को भी राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में बारिश होने की उम्मीद है, हालांकि शाम से बारिश में कमी आएगी। पूर्वी उत्तर प्रदेश में बना कम दबाव का क्षेत्र अब धीरे-धीरे उत्तर पूर्व की ओर बढ़ते जा रहा है। शनिवार को उत्तरी बिहार के पूर्वी क्षेत्र में सबसे ज्यादा बारिश होने के आसार हैं। कल रात तक राजधानी का आकाश साफ होने की उम्मीद है।

पटना मौसम विज्ञान केंद्र के वरिष्ठ विज्ञानी संजय कुमार का कहना है कि शनिवार की शाम तक दक्षिण एवं मध्य बिहार में बारिश में काफी कमी आ जाएगी। शुक्रवार को राज्य में सर्वाधिक 62.2 मिलीमीटर बारिश गया में रिकॉर्ड की गई। पटना में 45.6 मिलीमीटर, भागलपुर में 32 मिलीमीटर और पूर्णिया में 39.8 मिलीमीटर बारिश रिकॉर्ड की गई। राजधानी में दिनभर रुक-रुक कर बारिश होती रही। सुबह में लोगों की आंखें खुलीं तो लगा कि मौसम थोड़ा साफ होगा, लेकिन 10 बजते-बजते आकाश बादलों से पट गया। दोपहर बाद झमाझम बारिश शुरू हो गई, जो शाम तक जारी रही। फिलहाल बारिश के साथ वज्रपात भी होने की आशंका बनी हुई है। राजधानी में बारिश होने से तापमान में काफी गिरावट दर्ज की गई। पटना का अधिकतम तापमान 29.8 डिग्री एवं न्यूनतम तापमान 24.6 डिग्री सेंटीग्रेड रिकॉर्ड किया गया। पुनपुन का जलस्तर खतरे के निशान से ऊपर

पटना। पुनपुन नदी का जलस्तर शुक्रवार को खतरे के निशान से 65 सेंटीमीटर ऊपर चला गया। श्रीपालपुर में जलस्तर 51.25 मीटर दर्ज किया गया। वहां लाल निशान 50.60 पर है। गंगा के जलस्तर में भी वृद्धि दर्ज की जा रही है। 24 घंटे में गांधी घाट पर 62 और दीघा में 58 सेंटीमीटर जलस्तर बढ़ा है, हालांकि यह खतरे के निशान से दूर है। सोन नदी के जलस्तर में भी वृद्धि का ट्रेंड है।

chat bot
आपका साथी